PUNJAB DESK, जालंधर। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार अब तीर्थयात्रियों को सालासर-खाटू श्याम जी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन की मुफ्त यात्रा करवाएगी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को जालंधर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
श्रद्धालुओं की भारी मांग पर सरकार ने शुरू किए 3 नए रूट
अभी तक पंजाब सरकार श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत दो रूटों पर मुफ्त यात्रा करवा रही थी। इसमें पहला रूट दरबार साहिब-दुर्गियाना मंदिर व वाल्मीकि मंदिर और दूसरा रूट आनंदपुर साहिब व नैना देवी मंदिर का है। लेकिन अब जनता की भारी मांग को देखते हुए सरकार ने तीन नए रूट शुरू करने का फैसला किया है।
नए रूट: सालासर-खाटू श्याम जी, हरिद्वार-ऋषिकेश, और मथुरा-वृंदावन
सुविधाएं: इन धार्मिक यात्राओं के लिए सरकार ने विशेष रूप से लग्जरी वोल्वो (Volvo) बसें किराए पर ली हैं। यात्रा का पूरा खर्च पंजाब सरकार खुद उठाएगी।
85 करोड़ की लागत से निखरेगा पटियाला का मां काली मंदिर
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पटियाला में स्थित ऐतिहासिक मां काली मंदिर का ₹85 करोड़ की लागत से पूरी तरह जीर्णोद्धार और विकास किया जा रहा है। इस प्रसिद्ध मंदिर का काम सितंबर तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वे एक बार मां काली के दर्शन करने जरूर जाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ने गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस बड़ी श्रद्धा से मनाया और अब गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व भी बेहद भव्य तरीके से मनाया जा रहा है।
पंजाब में फ्री दिखेगा आशुतोष राणा का मशहूर नाटक ‘हे राम!’
सांस्कृतिक क्षेत्र को लेकर भी एक बड़ा ऐलान किया गया है। जुलाई के अंत से पूरे पंजाब के अलग-अलग शहरों में मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा के नाटक “हे राम!” का मंचन किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

