कुंदन कुमार, पटना। सीतामढ़ी जिले के बेलसंड विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे राणा रणवीर सिंह चौहान और उनकी पूर्व विधायक पत्नी सुनीता सिंह चौहान ने एक बार फिर से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। जेडीयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह के दौरान दोनों ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में घर वापसी की। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

​विधानसभा चुनाव के दौरान छोड़ दी थी पार्टी

​आपको बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे और राजनीतिक समीकरणों के चलते राणा रणवीर सिंह चौहान ने जेडीयू से किनारा कर लिया था। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (BSP) का दामन थामते हुए सीतामढ़ी के बेलसंड विधानसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस वक्त उन्होंने पार्टी छोड़कर अलग राह चुन ली थी जिससे राजनीतिक हलकों में काफी चर्चाएं हुई थीं। हालांकि चुनाव के बाद से ही उनके दोबारा जेडीयू में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं जो आज आखिरकार सच साबित हो गईं।

​दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुई ताजपोशी

​राणा रणवीर सिंह चौहान और उनकी पत्नी की जेडीयू में वापसी बेहद भव्य तरीके से कराई गई। इस अवसर पर पार्टी के कई दिग्गज नेता और मंत्री मंच पर मौजूद रहे। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, सूबे के मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री लेशी सिंह, विधान पार्षद संजय सिंह और जेडीयू विधायक श्याम रजक की उपस्थिति में उन्होंने विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता दोबारा हासिल की। नेताओं ने फूल-मालाओं और अंग वस्त्र से उनका और उनकी पत्नी का स्वागत किया।

​नीतीश कुमार हमारे गार्जियन हैं, यह हमारा अपना घर है

​पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व विधायक राणा रणवीर सिंह चौहान काफी भावुक और उत्साहित नजर आए। उन्होंने मीडिया और पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए घर वापसी जैसा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा यह हमारा अपना घर है और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारे गार्जियन (संरक्षक) रहे हैं।
​उन्होंने आगे कहा कि कुछ कारणों से वे कुछ समय के लिए पार्टी से दूर जरूर हुए थे लेकिन उनका दिल हमेशा से इसी परिवार के साथ जुड़ा रहा था। अब वे अपने पुराने घर में लौट आए हैं और उनका मुख्य उद्देश्य इस घर को यानी पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करना है। आने वाले समय में वे क्षेत्र और पार्टी के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।