रांची। राजधानी में बुजुर्ग महिलाओं को धार्मिक बातों में उलझाकर ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर में एक 62 वर्षीय महिला को कथित तौर पर ‘अयोध्या का पंडित’ बनकर एक व्यक्ति ने अपने झांसे में लिया और मंत्र पढ़कर गहने सुरक्षित करने का भरोसा दिया। महिला से सोने के आभूषण उतरवाने के बाद आरोपी करीब 20 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गया।
मंदिर से लौट रही थीं, रास्ते में रोक लिया
घटना 3 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता रेणु कुशवाहा मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान वाल्मीकि नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया।महिला के मुताबिक, आरोपी ने खुद को अयोध्या का पंडित बताया और धार्मिक बातों के जरिए उन्हें विश्वास में लेने की कोशिश की।
‘मंत्र पढ़कर गहने सुरक्षित कर दूंगा’ कहकर फंसाया
आरोपी ने महिला को कथित तौर पर बताया कि वह उनके गहनों पर मंत्र पढ़कर उन्हें सुरक्षित कर सकता है। इसके बाद उसने महिला से गले की सोने की चेन और हाथ का कंगन उतारने को कहा।
उसने भरोसा दिलाया कि मंत्र पढ़ने के बाद वह सभी गहने वापस कर देगा। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए महिला ने अपने आभूषण उसे सौंप दिए।
10 कदम आगे जाने को कहा, लौटते ही गायब था ठग
गहने लेने के बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह 10 कदम आगे जाकर वापस आएं, इसके बाद वह उन्हें हनुमान जी के दर्शन कराएगा।
महिला जब बताए गए स्थान तक जाकर वापस लौटीं, तब तक आरोपी गहने लेकर मौके से फरार हो चुका था। काफी देर तक आरोपी के वापस नहीं आने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ।
चूड़ियां, अंगूठियां और चेन समेत लाखों के गहने
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि ठगे गए आभूषणों में करीब 50 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां, दो सोने की अंगूठियां, करीब 10 ग्राम की सोने की चेन और सोने का लॉकेट शामिल है।पीड़िता के अनुसार, इन सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
घटना के बाद पीड़िता ने सुखदेव नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा के अनुसार, पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस आरोपी के आने-जाने के रास्ते की भी जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाले गिरोह पर नजर
इस घटना ने एक बार फिर धार्मिक विश्वास और अंधविश्वास का सहारा लेकर बुजुर्ग महिलाओं को ठगी का निशाना बनाने वाले गिरोह को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले वारदात को अंजाम दे रहा था या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।



