रांची। राजधानी रांची में एक बार फिर कुख्यात अपराधी लव कुश शर्मा का नाम सामने आया है। बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में रविवार रात हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने लव कुश शर्मा और उसके साथी गौरव बाड़ा की पहचान की है। फायरिंग में जमीन कारोबारी टोनी लोहरा घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गोलीकांड के बाद फरार है लव कुश
पुलिस की जांच के अनुसार, वारदात के वक्त लव कुश शर्मा के साथ गौरव बाड़ा भी मौजूद था। घटना के बाद दोनों के बारे में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल लव कुश फरार बताया जा रहा है।
शुरुआत में गोलीबारी को जमीन विवाद से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस की अब तक की जांच में टोनी लोहरा और लव कुश शर्मा के बीच किसी पुराने विवाद की पुष्टि नहीं हुई है। गोली चलाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच टीम यानी SIT गठित की है। सिटी एसपी पारस राणा के मुताबिक, टीम में सदर डीएसपी और बरियातू थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
SIT लव कुश शर्मा के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
लव कुश के खिलाफ दर्ज हैं कई गंभीर मामले
लव कुश शर्मा का नाम रांची के कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, जानलेवा हमला और हथियार रखने जैसे मामलों समेत 24 से अधिक केस दर्ज हैं।सुखदेवनगर, बरियातू, कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
2015 में इंजीनियर से मांगी थी एक करोड़ की रंगदारी
वर्ष 2015 में लव कुश शर्मा पर पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर समरेंद्र प्रताप सिंह से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा था। रंगदारी नहीं मिलने पर इंजीनियर पर दिनदहाड़े फायरिंग की गई थी।
इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के दौरान रांची पुलिस को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा था। फरवरी 2016 में पटना के पालीगंज में पुलिस और लव कुश के बीच मुठभेड़ भी हुई थी।
कालू लामा हत्याकांड के बाद बढ़ी थी पुलिस की सक्रियता
लव कुश शर्मा का नाम वर्ष 2022 में हुए चर्चित कालू लामा हत्याकांड के बाद भी सामने आया था। 27 जनवरी 2022 को मोरहाबादी मैदान के पास कालू लामा की हत्या कर दी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने इस हत्याकांड में लव कुश गिरोह की भूमिका का दावा किया था। इसके बाद वह लंबे समय तक फरार रहा और लगातार ठिकाने बदलता रहा।
दिसंबर 2022 में पुलिस और एटीएस की कार्रवाई के बाद उसे बिहार के अरवल जिले से गिरफ्तार किया गया था। अब मंडा बगीचा गोलीकांड में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने एक बार फिर उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।



