रांची। हिंदपीढ़ी के निजाम नगर में बुधवार रात ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब एक संदिग्ध को हिरासत में लेने के दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस जवान की पिस्टल निकालने की कोशिश की। जवान ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन इसके बाद उसके परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस और भीड़ के बीच धक्का-मुक्की में एक टाइगर जवान मामूली रूप से घायल हो गया।

नशे के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी विशेष टीम

सिटी एसपी पारस राणा के मुताबिक, शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की है। बुधवार रात टीम को सूचना मिली थी कि हिंदपीढ़ी के निजाम नगर इलाके में ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में लेने की कोशिश की।

पिस्टल निकालने की कोशिश का आरोप

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लेने के दौरान संदिग्ध ने जवान की पिस्टल निकालने का प्रयास किया। जवान ने इसका विरोध किया और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी खुद को निर्दोष बताते हुए शोर मचाने लगा।

शोर सुनकर उसके परिवार के लोगों के साथ कई स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के बाद पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान एक टाइगर जवान को चोट लगी।

अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी कोतवाली के नेतृत्व में हिंदपीढ़ी और कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त बल भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया।घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति सामान्य कर ली गई।

दो लोगों की पहचान, FIR दर्ज करने की तैयारी

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले में दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस दोनों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। घटना को लेकर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि निजाम नगर में ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री से जुड़े लोग कौन-कौन हैं।