रांची। मोरहाबादी के एदलहातू मैदान में प्रस्तावित इंडोर स्टेडियम का निर्माण स्थानीय युवाओं के विरोध के कारण विवादों में आ गया है। गुरुवार को स्टेडियम के लिए कराई जा रही बाउंड्रीवाल का काम स्थानीय लोगों ने रुकवा दिया। मौके पर वार्ड-3 की पार्षद बसंती कच्छप भी पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली।
‘स्टेडियम बनाइए, लेकिन मैदान बचाइए’
विरोध कर रहे स्थानीय युवाओं का कहना है कि उन्हें इंडोर स्टेडियम के निर्माण पर कोई आपत्ति नहीं है। उनकी नाराजगी इस बात को लेकर है कि नगर निगम मैदान के बीच वाले हिस्से में बाउंड्रीवाल खड़ी कर रहा है।
युवाओं के मुताबिक यदि मैदान का मध्य हिस्सा घेर दिया गया तो खेलने के लिए उपलब्ध जगह काफी कम हो जाएगी। इसका सीधा असर स्थानीय बच्चों और युवाओं की खेल गतिविधियों पर पड़ेगा।
मैदान के कोने में निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि इंडोर स्टेडियम का निर्माण मैदान के बीच में करने के बजाय किसी एक कोने में कराया जाए। इससे स्टेडियम निर्माण का उद्देश्य भी पूरा होगा और मैदान का बड़ा हिस्सा खेल गतिविधियों के लिए बचा रहेगा।
युवाओं ने कहा- खेल की जगह कम नहीं होनी चाहिए
विरोध कर रहे युवाओं का कहना है कि एदलहातू मैदान लंबे समय से स्थानीय बच्चों और युवाओं के लिए खेल का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। ऐसे में विकास कार्य के नाम पर मैदान का खेल क्षेत्र सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने नगर निगम से निर्माण की योजना पर पुनर्विचार करने और स्थानीय लोगों की आपत्ति को ध्यान में रखते हुए ऐसी जगह स्टेडियम बनाने की मांग की है, जिससे विकास और खेल दोनों के लिए पर्याप्त जगह बनी रहे।



