रांची। रांची रेल मंडल के किता-सिल्ली रेलखंड पर विकास कार्य के लिए 5 सितंबर 2026 को रेलवे ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने तीन ट्रेनों को बीच के स्टेशनों से आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया है, जबकि दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है।
गोमो से आगे नहीं जाएगी बर्द्धमान-हटिया मेमू
ट्रेन संख्या 13503/13504 बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस का 5 सितंबर को गोमो स्टेशन पर आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ होगा। इस वजह से गोमो-हटिया-गोमो के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस भी रहेगी प्रभावित
ट्रेन संख्या 18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस का भी परिचालन बदला गया है। 5 सितंबर को ट्रेन का आद्रा स्टेशन पर आंशिक समापन और वहीं से आंशिक प्रारंभ होगा। आद्रा-हटिया-आद्रा के बीच इसका परिचालन नहीं होगा।
मुरी तक चलेगी आसनसोल-रांची मेमू
ट्रेन संख्या 63598/63597 आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर का 5 सितंबर को मुरी स्टेशन पर आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ किया जाएगा। मुरी-रांची-मुरी के बीच ट्रेन रद्द रहेगी।
इसके अलावा 58663/58664 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर और 58665/58666 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर का परिचालन 5 सितंबर को पूरी तरह रद्द रहेगा।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि किता-सिल्ली रेलखंड पर जरूरी विकास कार्य को देखते हुए ब्लॉक लिया जा रहा है। सुरक्षित रेल परिचालन और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के परिचालन में यह अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के संशोधित परिचालन की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि रास्ते में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



