रांची। आने वाले त्योहारों और अक्टूबर में होने वाले क्रिकेट मैच के दौरान रांची की सड़कों पर बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारु रहे, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष कार्ययोजना तैयार करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

शुक्रवार को ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में दोनों ट्रैफिक डीएसपी, सभी यातायात थाना प्रभारी और यातायात परिचारी मौजूद रहे।

त्योहारों के दौरान बढ़ेगा वाहनों का दबाव

गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। वहीं अक्टूबर में क्रिकेट मैच के दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के शहर में पहुंचने का अनुमान है।

इसे देखते हुए अधिकारियों को पहले से रूटवार प्लान तैयार करने और तय व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।

इन वाहनों पर होगी विशेष कार्रवाई

ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया है। ब्लैक फिल्म लगे शीशे, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।

इसके अलावा तेज और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, शराब के नशे में ड्राइविंग, ओवरलोडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी सख्ती की जाएगी। नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।

ऑटो-टोटो से जाम पर भी लगेगी रोक

चौराहों और ट्रैफिक पोस्ट के आसपास बेतरतीब तरीके से ऑटो-टोटो खड़े करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। लेफ्ट फ्री लेन में वाहन पार्क करने पर भी जुर्माना और अन्य कार्रवाई होगी। ऑटो और टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म की व्यवस्था भी अनिवार्य रहेगी।

सड़क पर दुकान-ठेला लगाया तो कार्रवाई

सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर दुकान या ठेला लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम के सहयोग से अभियान चलाया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य सड़क के किनारे खाली जगह सुनिश्चित करना है, ताकि वाहनों की आवाजाही में बाधा न आए।

स्कूल टाइम पर अतिरिक्त निगरानी

स्कूल खुलने और छुट्टी के समय प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी। बारिश के दौरान जलजमाव के कारण जाम लगने पर संबंधित थाना प्रभारी को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का निर्देश दिया गया है।

जाम वाले स्थानों पर क्यूआरटी और अभियान टीम की मदद से तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।