रांची। रांची विश्वविद्यालय में बुधवार को 39वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में विश्वविद्यालय के अलग-अलग पाठ्यक्रमों के 6923 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। वहीं शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 71 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

दीक्षा समारोह को लेकर मंगलवार को विश्वविद्यालय मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गयी। कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने बताया कि इस वर्ष के समारोह को पहले की तुलना में अलग और खास बनाने की तैयारी की गयी है। कार्यक्रम में दो मानद उपाधियां भी प्रदान की जाएंगी।

कम शुल्क में बेहतर सुविधाओं पर जोर

कुलपति ने कहा कि दीक्षा समारोह में विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ कम रखने के लिए शुल्क को न्यूनतम रखा गया है। इसके बावजूद समारोह में विद्यार्थियों को उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया गया है।उन्होंने बताया कि पूरा कार्यक्रम करीब 90 मिनट का होगा। समारोह के दौरान डिग्री और गोल्ड मेडल वितरण के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति भी होगी।

नृत्य-नाटिका में दिखेगा विवि का सफर

दीक्षा समारोह का खास आकर्षण परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट विभाग की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली नृत्य-नाटिका होगी। इसमें रांची विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर मौजूदा दौर तक की यात्रा को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहू, परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय सिंह, कुलसचिव डॉ. राजकुमार शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।