मोरहाबादी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रूट डायवर्ट, भारी वाहन निर्धारित स्थानों से आगे नहीं जा सकेंगे

रांची। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आज 15 अगस्त को रांची में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मोरहाबादी मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।

प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए अलग-अलग मार्गों पर रोक बिंदु तय किए हैं। वहीं समारोह में आने वाले वीवीआईपी, अधिकारियों, मीडिया और आम लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।

इन जगहों से आगे नहीं जा सकेंगे भारी वाहन
कांके से रांची वाया बोड़ेया — बोड़ेया तक
चाईबासा-खूंटी से रांची — बिरसा चौक तक
गुमला-सिमडेगा से रांची वाया अरगोड़ा — कटहल मोड़ तक
गुमला-सिमडेगा से रांची — आईटीआई स्टैंड तक
जमशेदपुर से रांची वाया दुर्गा सोरेन चौक — दुर्गा सोरेन चौक तक
जमशेदपुर से रांची वाया सदाबहार चौक — सदाबहार चौक तक
कांके-पतरातू से रांची — लॉ यूनिवर्सिटी तक
बूटी मोड़ से कोकर वाया बरियातू — बूटी मोड़ तक
बूटी मोड़ से कोकर वाया खेलगांव — बूटी मोड़ तक
तिलता चौक-पिस्का मोड़ — पंडरा बाजार तक


वीवीआईपी वाहनों के लिए अलग रूट

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक, सांसद और विधायकों के वाहनों के लिए विशेष रूट तय किया गया है।

वीवीआईपी वाहन एटीआई मोड़ → सिदो-कान्हू पार्क मोड़ → डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय मोड़ → राजकीय गेस्ट हाउस → वीवीआईपी प्रवेश द्वार के रास्ते समारोह स्थल तक पहुंचेंगे।

घर से निकलने से पहले रूट जरूर देख लें

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मोरहाबादी और आसपास के इलाकों में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें।खासकर भारी वाहन चालकों को आज सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लागू प्रतिबंधों का विशेष ध्यान रखना होगा।