कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने तावडू क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने पुलिस और खनन माफिया के बीच गहरी मिलीभगत का आरोप भी लगाया है।

चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा की नायब सैनी सरकार पर अवैध खनन को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में खनन माफिया खुलेआम अरावली की संपदा को लूट रहा है और यह सब सरकारी सहमति के बिना संभव नहीं हो सकता। सुरजेवाला ने कहा कि यदि यही हालात हैं तो नायब सैनी सरकार का नाम बदलकर “खनन माफिया सरकार” रख देना चाहिए।

सुरजेवाला ने अपने बयान के साथ एक समाचार की कटिंग साझा करते हुए दावा किया कि तावडू के सदर थाना क्षेत्र में शिकायतों के बावजूद अरावली क्षेत्र में अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले इस पूरे सिंडिकेट पर सरकारी अमला पूरी तरह मौन बना हुआ है।

‘शाम 6 बजे से आधी रात तक चलता है खनन’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चीला, पचगांव, खरखड़ी और मालका गांवों के आसपास शाम छह बजे से रात 12 बजे तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा है। उनके मुताबिक, खनन से निकाली गई मिट्टी और पत्थरों का इस्तेमाल आसपास फार्महाउसों और चारदीवारी के निर्माण में किया जा रहा है।

पुलिस और खनन माफिया की मिलीभगत का आरोप

सुरजेवाला ने कहा कि ग्रामीणों ने कई बार पुलिस को अवैध खनन की सूचना दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र के कुछ लोग पुलिस और खनन माफिया के बीच ‘मध्यस्थ’ की भूमिका निभा रहे हैं, जिसके चलते अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केवल पत्थरों का ही नहीं, बल्कि नूरपुर और राजस्थान सीमा से सटी अरावली की तलहटी में रात के समय मिट्टी का भी अवैध खनन किया जा रहा है।

सरकार और मुख्यमंत्री से पूछे तीन बड़े सवाल

सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से कई सवाल पूछते हुए कहा-

  • क्या नायब सैनी ने अरावली को पूरी तरह खनन माफिया के हवाले कर दिया है?
  • पुलिस की यह रहस्यमयी खामोशी और निष्क्रियता किसकी शह पर है?
  • अगर अवैध खनन अखबारों, जनता और विपक्ष को साफ दिखाई दे रहा है तो मुख्यमंत्री को यह क्यों नहीं दिख रहा?

अखबार की रिपोर्ट का भी किया जिक्र

सुरजेवाला ने जिस समाचार का हवाला दिया, उसमें दावा किया गया है कि तावडू के सदर थाना क्षेत्र में शिकायतों के बावजूद अरावली क्षेत्र में अवैध खनन जारी है। रिपोर्ट में ग्रामीणों के हवाले से कहा गया है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और शाम से देर रात तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए खनन किया जा रहा है। रिपोर्ट में पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए गए हैं।