राकेश कथूरिया ,कैथल। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ई-फार्मेसी और ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण देश का फार्मास्यूटिकल क्षेत्र पूरी तरह बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के नियंत्रण में चला गया है, जिससे छोटे कैमिस्ट और आम मरीज दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

शनिवार को किसान भवन में कैथल कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने रणदीप सुरजेवाला से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने 20 मई 2026 को प्रस्तावित अखिल भारतीय कैमिस्ट बंद के समर्थन में अपनी मांगें रखते हुए अवैध ई-फार्मेसी पर रोक लगाने की मांग की।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स द्वारा भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोर कारोबार को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। साथ ही बिना डॉक्टर की पर्ची के एंटीबायोटिक्स, नशे की दवाएं और शेड्यूल H-1 दवाओं की बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर ई-फार्मेसी पर सख्त नियम लागू करने चाहिए। उन्होंने कहा कि दवा कारोबार केवल व्यापार नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा संवेदनशील विषय है।

इस मौके पर एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रदीप शर्मा, प्रदीप सेठ, मुकेश नंबरदार, अतुल गुप्ता, ललित मेहता, राजू गोयल, ललित सेठी, विक्की खेत्रपाल और जोगिंद्र मनचंदा सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।