हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन पर हुए लाठीचार्ज और नेताओं की गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि लाठी और जेल के दम पर युवाओं तथा विपक्ष की जायज आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
चंडीगढ़। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं की हिरासत के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठियों और जेल की सलाखों के पीछे दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों और उनके अधिकारों की लड़ाई में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जब कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ राजभवन पहुंचे तो उन्हें पुलिस के दम पर रोकने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे लाठियां चलाए या जेल में डाल दे, छात्रों की आवाज अब दबने वाली नहीं है।
‘जेल शरीर को रोक सकती है, न्याय की लड़ाई और इरादों को नहीं’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जेल की सलाखें किसी व्यक्ति के शरीर को रोक सकती हैं, लेकिन न्याय की लड़ाई और मजबूत इरादों को नहीं रोक सकतीं। उन्होंने सरकार से तानाशाही बंद करने और छात्रों को न्याय देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और वे अपना अधिकार मांग रहे हैं। युवा व्यवस्था में बदलाव चाहते हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश में बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं। सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और इससे लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार उनके विरोध को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन अलोकतांत्रिक नहीं है, बल्कि छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध के खिलाफ सड़क पर और संसद में जिस तरह की कार्रवाई हो रही है, वह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
‘संसद में विपक्ष को चर्चा तक नहीं करने दी जाती’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने संसद की कार्यवाही को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में विपक्ष को अपनी बात रखने और मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि जब विपक्षी नेता स्पीकर से बात करते हैं तो उन्हें केवल यह आश्वासन दिया जाता है कि इस बारे में सरकार से बात की जाएगी।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार विपक्ष की मुखर आवाज से डरती है और इसी कारण विरोध करने वालों पर पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
‘मोदी-शाह इस्तीफा दें, जनता पाई-पाई का हिसाब रखेगी’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जनता सरकार के हर फैसले का हिसाब रख रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता का नशा चाहे जितना कर लिया जाए, लेकिन छात्रों और युवाओं के अधिकारों की यह लड़ाई अब रुकने वाली नहीं है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ जिस तरह की कार्रवाई की गई, वह विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक नेता का मुद्दा नहीं, बल्कि हर नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मामला है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा और उनकी आवाज को हर मंच पर बुलंद किया जाएगा।


