सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा हो गया। शहर से लगभग 14 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट पैराडाइज वैली में पानी में डूबने से दो शिक्षकों और एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, एक छात्रा को ऐन मौके पर गहरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें: रात में घर से घूमने निकले 2 दोस्त, सुबह खेत में फंदे पर लटकी मिली लाश, मची सनसनी

जावरा के कॉन्वेंट स्कूल का था समूह; छात्रा को बचाने में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक जावरा के मंशापूर्ण रोड स्थित त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षक और बच्चे पिकनिक मनाने पैराडाइज वैली पहुंचे थे। स्कूल प्राचार्य संदीप सक्सेना और 5 शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह, प्रिंस मोदी, परवेज खान और विजेंद्र सिंह कक्षा 7वीं से 12वीं के म्यूजिकल क्लास के 14 छात्र-छात्राओं को लेकर पिकनिक पर गए थे।

दोपहर करीब 2:30 बजे पानी के किनारे खेलते समय कक्षा 7वीं का छात्र हर्षित पाटीदार और 9वीं की छात्रा खुशी का पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में चले गए।

बच्चों को डूबता देख शिक्षक विजय सिंह और प्रिंस मोदी पानी में कूद पड़े। लोगों ने छात्रा खुशी को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन छात्र हर्षित को बचाने के चक्कर में दोनों शिक्षक भी गहरे पानी में समा गए।

ये भी पढ़ें: औचक निरीक्षण में खुली पोल! ‘छात्रावासों में हो रहा पैसों का बंदरबांट’, गुस्से में दिखी उमरिया कलेक्टर

अस्पताल में मृत घोषित

ग्रामीणों की मदद से तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिक्षक विजय सिंह, प्रिंस मोदी और छात्र हर्षित को मृत घोषित कर दिया। छात्रा खुशी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m