रमेश सिन्हा, पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रावणभाठा इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां देर रात एक व्यक्ति द्वारा सड़क किनारे खड़ी गाय के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। यह मामला 25 जून की रात लगभग 1 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, 25 जून रात 1 बजे हर्ष राजपूत, राजा खान और मुकेश निर्मलकर ने रावणभाठा क्षेत्र में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति को गौवंश के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक और अप्राकृतिक कृत्य करते हुए देखा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही उसके पास जाने की कोशिश की, संदिग्ध व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया गया, जिसके बाद यह वीडियो क्षेत्र में तेजी से वायरल होने लगा और मामला चर्चा का विषय बन गया।
सूचना के बाद फैला आक्रोश
घटना की जानकारी अगले दिन सुबह स्थानीय गौसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं तक पहुंची। इसके बाद गौ क्रांति मंच के जिलाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल को भी मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही क्षेत्र में गौसेवकों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह घटना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को भी गंभीर रूप से आहत करने वाली है। इसके विरोध में लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गौसेवकों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडे से संपर्क कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी साझा की। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और जांच शुरू की गई। दोपहर तक पुलिस ने संदेही आरोपी आइतराम चक्रधारी, निवासी रावणभाठा को हिरासत में लेकर थाने लाया। प्रारंभिक पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई। दिनभर चले घटनाक्रम और बढ़ते जनदबाव के बीच पुलिस ने देर रात विधिवत रूप से मामला दर्ज किया।
BNS और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामला गंभीर प्रकृति का मानते हुए इसे गैर-जमानती धाराओं में दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा विस्तृत जांच के बाद चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।
घटना के बाद रावणभाठा और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल रहा। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और सतर्क निगरानी जारी है।
गौसेवकों ने की पुलिस की कार्रवाई की सराहना
स्थानीय गौसेवक सौरभ अग्रवाल सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।
एक दिन पहले तखतपुर में भी हुई थी ऐसी ही घटना
गौरतलब है कि इसी तरह का एक अन्य गंभीर मामला हाल ही में बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में भी सामने आया था, जहां वार्ड क्रमांक 5 स्थित टोनही डबरी तालाब क्षेत्र में गौवंश के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। उस मामले में भी वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई थी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

