लुधियाना। पंजाब पुलिस ने भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को शनिवार को हिरासत में ले लिया। बिट्टू पर फिरोजपुर रोड पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले के गुजरने के दौरान शराब की बोतल, अंडे और टमाटर दिखाकर विरोध जताने का आरोप है।
बताया गया कि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के बाहर बिट्टू ने हाथ में शराब की बोतल लेकर मुख्यमंत्री के काफिले की ओर इशारा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह यह बोतल वापस कर रहे हैं, ताकि मुख्यमंत्री भगवंत मान इसका आनंद ले सकें और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता पंजाब को लूटते रहें।
बिट्टू ने अपने प्रदर्शन को शुक्रवार की घटना से भी जोड़ते हुए कहा कि वह अंडे और टमाटर भी वापस कर रहे हैं। उनके मुताबिक, पठानकोट में भाजपा की नशा विरोधी यात्रा में शामिल होने के लिए जाते समय बटाला के पास उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए थे।
भाजपा नेता ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को निशाना बनाया। उनका दावा था कि प्रदर्शन के दौरान पत्थर और अंडे फेंके गए, जिससे उनके वाहनों को नुकसान पहुंचा। बिट्टू के अनुसार, दो एस्कॉर्ट वाहनों की खिड़कियों के शीशे टूटे और जैमर वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
बिट्टू ने कहा था कि यदि भाजपा की यात्राओं का विरोध किया जाएगा तो उनकी पार्टी भी लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के बाहर विरोध दर्ज कराएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे और पुलिस की कार्रवाई से उनका विरोध नहीं रुकेगा।
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से पंजाब में नशे के खिलाफ यात्रा शुरू की गई है। इसी अभियान के दौरान भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच विरोध-प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं।
- VIDEO : एसपी ने महाराज से पूछा ऑनलाइन ठगी से बचने का उपाय, जानिए अनिरुद्धचार्य ने क्या कहा…
- अस्पताल के SNCU वार्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धुएं के बीच नवजात बच्चों को सुरक्षित निकाला
- निजीकरण से पिछड़ों का हक मारने की साजिश? बरेली में कांग्रेस सम्मेलन से राजेंद्र पाल गौतम ने खोला मोर्चा
- सपने बड़े रखो, हौसला उससे भी बड़ा: CM धामी ने युवाओं में भरा जोश, कहा- विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की असली ताकत युवा
- खाद की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन की छापेमारी, संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज



