अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ गंगा घाट पर सोमवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। रक्सौल से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के एक समूह का उत्साह उस समय मातम में बदल गया, जब स्नान के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर गंगा की लहरों में समा गया। लापता किशोर की पहचान पूर्वी चंपारण (रक्सौल) के तुमरिया टोला निवासी रितेश ठाकुर के पुत्र आदर्श कुमार के रूप में हुई है।

​सफलता की मन्नत पूरी करने जा रहा था देवघर

​परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्श कुमार ने हाल ही में घोषित मैट्रिक की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से सफलता प्राप्त की थी। इस बड़ी उपलब्धि की खुशी और बाबा भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने के लिए वह अपने भाई आर्यन शर्मा और मित्र आर्यन कुमार (पिता झुन्ना राम) के साथ देवघर जा रहा था। सुल्तानगंज में गंगा स्नान कर जल भरने के बाद उन्हें पैदल यात्रा शुरू करनी थी।

​पैर फिसलने से गहरे पानी में गया किशोर

​प्रत्यक्षदर्शियों और साथ आए साथियों ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे सभी युवक अजगैबीनाथ घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आदर्श का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे पानी की ओर चला गया। आदर्श को डूबता देख उसके भाई और दोस्त ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव और गहराई इतनी अधिक थी कि वे खुद भी डूबने लगे। अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में वे किसी तरह सुरक्षित किनारे तक पहुंचे, लेकिन तब तक आदर्श पानी की गहराई में ओझल हो चुका था।

​प्रशासनिक सक्रियता

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया। समाचार लिखे जाने तक गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा गंगा की धारा में आदर्श की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।