RCB vs GT IPL 2026 Final: आईपीएल का रोमांच अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। सीजन-19 का चैंपियन आज तय होगा, जब डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली RCB लगातार दूसरे साल फाइनल में पहुंची है। उसने क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर सीधे फाइनल का टिकट हासिल किया था। दूसरी ओर, शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

लीग चरण समाप्त होने के बाद दोनों टीमें अंक तालिका में शीर्ष दो स्थानों पर रही थीं, जिससे पूरे सीजन में उनके शानदार प्रदर्शन का अंदाजा लगाया जा सकता है। बेंगलुरु ने पिछले सीजन अपना पहला आईपीएल खिताब जीतकर लंबे इंतजार को खत्म किया था, जबकि गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। अब दोनों टीमों के पास दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने का सुनहरा मौका है। ऐसे में फाइनल मुकाबले में जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।

डिफेंडिंग चैंपियन RCB और GT के बीच यह महामुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी, जबकि टॉस शाम 7 बजे कराया जाएगा। फाइनल से पहले दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, प्लेऑफ रिकॉर्ड, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी सभी अहम जानकारियों पर एक नजर डालते है।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में RCB और GT के बीच आईपीएल 2026 का फाइनल हाई-स्कोरिंग होने की पूरी संभावना है। कागज पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अधिक संतुलित और मजबूत नजर आती है, लेकिन इसी मैदान पर खेले गए अपने पिछले मुकाबले में उसे गुजरात टाइटंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, गुजरात ने इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सात में से पांच मैच जीते हैं, जिससे उसे फाइनल में घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है।

यह फाइनल उसी पिच पर खेला जाएगा, जिस पर पिछले सीजन का फाइनल मुकाबला आयोजित हुआ था। मौजूदा सीजन में इस पिच का दो बार इस्तेमाल किया जा चुका है, जिसमें आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया लीग मैच भी शामिल है। अहमदाबाद की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है और यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को अक्सर सफलता मिलती है। पिछले छह आईपीएल फाइनल में से चार बार चेज करने वाली टीम ने खिताब जीता है, इसलिए टॉस भी अहम भूमिका निभा सकता है।

आईपीएल में नरेंद्र मोदी स्टेडियम के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यहां अब तक 51 मैच खेले गए हैं। इनमें 26 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 25 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के नाम रहे हैं। इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 243/5 और सबसे कम स्कोर 86 रन रहा है। वहीं, सफल रन चेज का सबसे बड़ा स्कोर 204/3 दर्ज किया गया है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 178.46 रन है, जबकि प्रति विकेट औसत 27.72 रन और प्रति ओवर औसत रनगति 8.98 रही है। ये आंकड़े संकेत देते हैं कि फाइनल में भी बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल सकता है।

RCB बनाम GT हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी ?

आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच हमेशा रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 9 मैच खेले गए हैं, जिनमें RCB का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। बेंगलुरु ने 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि गुजरात टाइटंस 4 मैच जीतने में सफल रही है।

मौजूदा सीजन में दोनों टीमें आज चौथी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले खेले गए तीन मुकाबलों में RCB ने 2 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि GT ने 1 मुकाबले में जीत हासिल की है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

आईपीएल फाइनल से जुड़े दिलचस्प आंकड़े

क्वालिफायर-1 विजेताओं का रहा दबदबा

आईपीएल इतिहास के आंकड़े बताते हैं कि क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम का फाइनल में दबदबा रहा है। पिछले आठ सीजन में हर बार वही टीम चैंपियन बनी है, जिसने क्वालिफायर-1 में जीत हासिल कर सीधे फाइनल में प्रवेश किया था। इतना ही नहीं, 2016 के बाद खेले गए सभी आईपीएल फाइनल क्वालिफायर-1 में खेलने वाली दो टीमों के बीच ही हुए हैं। आखिरी बार 2016 में ऐसा देखने को मिला था, जब सनराइजर्स हैदराबाद एलिमिनेटर जीतकर फाइनल में पहुंची और खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद से क्वालिफायर-1 का विजेता और उससे जुड़ी टीमें लगातार ट्रॉफी की सबसे बड़ी दावेदार साबित हुई हैं।

200+ स्कोर बना तो जीत लगभग तय

आईपीएल फाइनल में 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाना लगभग जीत की गारंटी माना जाता है। टूर्नामेंट के 18 साल के इतिहास में अब तक कोई भी टीम फाइनल में 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य का सफल पीछा नहीं कर सकी है। 2008 से 2025 के बीच आईपीएल फाइनल में केवल चार बार 200+ का स्कोर बना है और हर बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की है। ऐसे में अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में जो टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 का आंकड़ा पार कर लेती है, उसका पलड़ा काफी भारी माना जाएगा।

RCB और GT की संभावित प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम

इम्पैक्ट प्लेयर: रोमारियो शेफर्ड

गुजरात टाइटंस (GT)

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज , प्रसिद्ध कृष्णा

इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल तेवतिया

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर शाम 7:30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H