RCB vs GT IPL 2026 Final: आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। एक ओर आरसीबी ने क्वालीफायर-1 जीतकर सीधे फाइनल में जगह बनाई, जबकि गुजरात टाइटंस ने दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।

फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह चरम पर है। हालांकि मौसम को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि बारिश के कारण फाइनल मुकाबला प्रभावित होता है या रद्द हो जाता है, तो आईपीएल 2026 का चैंपियन कौन बनेगा?

फाइनल मैच के लिए क्या हैं IPL के नियम?

आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल ने प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों के लिए विशेष नियम तय किए हैं। फाइनल मैच के लिए एक रिजर्व डे रखा जाता है। यदि निर्धारित दिन मुकाबला पूरा नहीं हो पाता, तो मैच अगले दिन यानी रिजर्व डे पर पूरा कराया जाता है।

मैच पूरा कराने के लिए निर्धारित दिन और रिजर्व डे दोनों पर 120-120 मिनट का अतिरिक्त समय उपलब्ध रहता है। यदि बारिश के कारण समय कम बचता है तो ओवरों की संख्या घटाकर मुकाबला कराने की कोशिश की जाती है। हालांकि परिणाम निकालने के लिए दोनों टीमों के बीच कम से कम 5-5 ओवर का मैच होना जरूरी है।

DLS और सुपर ओवर से भी निकल सकता है नतीजा

यदि मैच शुरू होने के बाद बारिश आ जाती है और खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाता, तो विजेता का फैसला डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के आधार पर किया जा सकता है।

वहीं यदि समय इतना कम बच जाए कि 5-5 ओवर का मुकाबला भी संभव न हो, लेकिन मौसम में सुधार हो जाए, तो नियमों के तहत केवल एक सुपर ओवर कराकर भी विजेता का फैसला किया जा सकता है।

दोनों दिन खेल नहीं हुआ तो क्या होगा?

आईपीएल के नियमों के अनुसार यदि बारिश या अन्य कारणों से फाइनल मुकाबला निर्धारित दिन और रिजर्व डे दोनों दिन नहीं हो पाता, तो ट्रॉफी उस टीम को दी जाएगी जिसने लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन किया हो और अंक तालिका में ऊंचा स्थान हासिल किया हो।

इस सीजन लीग चरण के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही थी। ऐसे में यदि दोनों दिन मैच नहीं हो पाता, तो RCB को सीधे IPL 2026 का चैंपियन घोषित कर दिया जाएगा।

दोनों टीमों के पास दूसरा खिताब जीतने का मौका

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आईपीएल इतिहास में पांचवीं बार फाइनल खेल रही है। इससे पहले टीम चार फाइनल खेल चुकी है, लेकिन केवल एक बार ट्रॉफी जीतने में सफल रही है। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस का यह तीसरा आईपीएल फाइनल होगा। गुजरात ने अब तक दो फाइनल खेले हैं, जिनमें से एक बार खिताब अपने नाम किया है।

ऐसे में अहमदाबाद में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद खास है, क्योंकि विजेता टीम अपने इतिहास का दूसरा आईपीएल खिताब जीतने में सफल होगी। वहीं यदि RCB ट्रॉफी जीतती है तो वह लगातार दूसरे सीजन चैंपियन बनने वाली चुनिंदा टीमों की सूची में भी शामिल हो जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H