चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत पीजीटी शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग ने जिला विज्ञान विशेषज्ञ (DSS) और जिला गणित विशेषज्ञ (DMS) के कुल 43 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र शिक्षक 19 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित शिक्षकों को जिले में विज्ञान और गणित शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।


पात्रता की प्रमुख शर्तें

आवेदन करने वाले शिक्षक के पास संबंधित विषय में कम से कम पांच वर्ष का अध्यापन अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ होना आवश्यक है। जिन शिक्षकों के खिलाफ किसी प्रकार की विभागीय जांच, चार्जशीट या अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित है, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे।

50 अंकों की होगी चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया कुल 50 अंकों की होगी। इसमें 40 अंकों की लिखित रीजनिंग परीक्षा और 10 अंकों का इंटरव्यू शामिल रहेगा। दोनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

तीन वर्ष के लिए होगी नियुक्ति

चयनित शिक्षकों की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से तीन वर्ष के लिए की जाएगी। बेहतर प्रदर्शन की स्थिति में कार्यकाल को एक वर्ष तक और बढ़ाया जा सकता है।

19 जून अंतिम तिथि

इच्छुक और पात्र शिक्षक 19 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक अपने एमआईएस (MIS) लॉगिन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

क्या होंगी जिम्मेदारियां?

चयनित जिला विज्ञान विशेषज्ञ और जिला गणित विशेषज्ञ अपने-अपने जिलों में विज्ञान एवं गणित शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों के प्रशिक्षण, शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी तथा अकादमिक मॉनिटरिंग से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।