यमुनानगर। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों में से चार महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर किया गया है। इससे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जिन ट्रेनों का ठहराव यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर रहेगा, उनमें बठिंडा-वाराणसी, अमृतसर-कोलकाता, फिरोजपुर छावनी-झांझरपुर और पठानकोट-छपरा समर स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
16 जुलाई तक चलेगी बठिंडा-वाराणसी समर स्पेशल
गाड़ी संख्या 04519-20 बठिंडा-वाराणसी समर स्पेशल ट्रेन 16 जुलाई तक संचालित की जाएगी। यह ट्रेन बठिंडा से प्रत्येक बुधवार और शनिवार रात 8:50 बजे रवाना होकर रात 1:50 बजे यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन शाम 7:05 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में यह ट्रेन वाराणसी से रविवार और बुधवार शाम 8:40 बजे रवाना होगी तथा अगले दिन दोपहर 12:36 बजे यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पहुंचेगी।
अमृतसर-कोलकाता स्पेशल का भी रहेगा ठहराव
गाड़ी संख्या 04623-24 अमृतसर-कोलकाता समर स्पेशल ट्रेन का संचालन 2 जुलाई तक किया जाएगा। यह ट्रेन अमृतसर से प्रत्येक सोमवार शाम 8:10 बजे रवाना होकर रात 1:43 बजे यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पहुंचेगी।
वहीं वापसी में यह ट्रेन कोलकाता से मंगलवार शाम 5 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 6:26 बजे यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे द्वारा चलाई जा रही इन समर स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को गर्मियों के मौसम में कन्फर्म सीट मिलने में मदद मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।

