शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश में फिर एक बार दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट को लेकर सख्ती देखने को मिलेगी। पुलिस प्रशासन द्वारा आज से पूरे मध्यप्रदेश में हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हेलमेट नहीं पहनने वालों का चालान कटेगा, चालान कटने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस का भी निलंबन होगा। आज से 10 मई तक हेलमेट चेकिंग अभियान चलेगा।
सड़क हादसों में सबसे ज्यादा मौत हेलमेट नहीं पहनने से
दरअसल पुलिस प्रशासन का मानना है कि सड़क हादसों में सबसे ज्यादा मौत हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती है। सड़क हादसों में 50 फीसदी लोगों की जान हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती है। सड़क हादसों में मौत के आंकड़ों को कम करने के लिए हेलमेट चेकिंग अभियान चलेगा।
पुलिस मुख्यालय ने निर्देश किए जारी
एडीजी पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय विवेक शर्मा ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग न करना है। आंकड़ों के अनुसार, लगभग 50 प्रतिशत मृतकों में दोपहिया चालक शामिल होते हैं, जो हेलमेट नहीं पहनते। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है।

