हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन पद से रेनू भाटिया के इस्तीफे के बाद BJP प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने उनके कार्यकाल की जमकर तारीफ की है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन पद से रेनू भाटिया के अचानक इस्तीफे के बाद जहां राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं अब उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का खुला समर्थन मिलता नजर आया है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने रेनू भाटिया के कार्यकाल की सराहना करते हुए इसे “बेहतर और प्रभावी” बताया है।

प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि बतौर हरियाणा महिला आयोग चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया और कई मामलों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने महिला सुरक्षा, अधिकारों और शिकायतों के समाधान को लेकर किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल सराहनीय रहा है। अर्चना गुप्ता के इस बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब रेनू भाटिया के इस्तीफे को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल के बीच रेनू भाटिया ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस फैसले ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को जन्म दे दिया था। हालांकि, अब तक उनके इस्तीफे के पीछे की वजह को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष द्वारा की गई खुली तारीफ को राजनीतिक तौर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रेनू भाटिया के इस्तीफे के बाद पार्टी संगठन से आए इस समर्थन ने चर्चाओं को और तेज कर दिया है। अब सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या यह केवल उनके कार्यकाल की सराहना है या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संकेत छिपा हुआ है।