राकेश कथूरिया , कैथल। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी कैथल की जून माह की मासिक बैठक श्री गीता भवन मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने सामाजिक, पारिवारिक और आध्यात्मिक विषयों पर विचार-विमर्श किया तथा जून माह में जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया।

सोसायटी के प्रधान नरेंद्र निझावन ने वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस घर में बुजुर्गों का सम्मान नहीं होता, वहां सुख, शांति और समृद्धि भी नहीं टिकती। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।

महासचिव धन सचदेवा ने मंच संचालन करते हुए बैठक की शुरुआत सामूहिक गायत्री मंत्र के उच्चारण से करवाई। इसके बाद वरिष्ठ सदस्यों ने भजन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रामलाल कालड़ा, वी.के. चावला, धर्मपाल खत्री, सुंदर लाल चावला, धन सचदेवा, ईश्वर दास अरोड़ा, विभा गेरा, कमलेश चावला और जगदीश कालड़ा ने अपने भजनों से उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जन्मदिन मनाने वाले वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान

बैठक के दौरान जून माह में जन्मदिन वाले वरिष्ठ सदस्यों चरणजीत सरदाना, प्रेम बठला, कृष्ण लाल कथूरिया, कंवल तनेजा, मोहनलाल जैन, कश्मीरी लाल सीकरी, डॉ. एस.सी. अरोड़ा, रघबीर बतरा, मदनलाल खुराना, रेणु कटारिया और विभा गेरा को सम्मान पट्टिका पहनाकर तथा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की दैनिक जीवन से जुड़ी पारिवारिक, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान को लेकर विचार साझा किए गए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों और महिला सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों को जलपान वितरित किया गया।