यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जठलाना क्षेत्र में बिजली निगम के रिटायर्ड एसई का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह घरेलू सहायिका (मेड) रोजाना की तरह काम करने घर पहुंची। जैसे ही उसने घर के अंदर प्रवेश किया, रिटायर्ड अधिकारी का खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए। मेड के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पहले ही हो चूका है पत्नी का निधन
मृतक की पहचान 83 वर्षीय जगदीश बंसल के रूप में हुई है, जो हिमाचल बिजली निगम से सेवानिवृत्त थे। बताया जा रहा है कि वह घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उनका बेटा परिवार सहित चंडीगढ़ में रहता है।
धारदार हथियार से सिर पर वार कर की हत्या
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावर ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर उनकी हत्या की है। घटनास्थल पर कमरे में खून फैला हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

