कुरुक्षेत्र। अंबाला-हिसार हाईवे पर लूट की कोशिश के दौरान एक महिला और उसके दो बच्चों ने जिस तरह तीन नकाबपोश बदमाशों का सामना किया, उसने पूरी वारदात का रुख बदल दिया। बदमाशों ने महिला को डराने के लिए उसके सिर पर रिवाल्वर तान दी और एक कान से सोने की बाली झपट ली। दूसरी बाली निकालने की कोशिश की गई तो महिला ने हार मानने के बजाय बदमाशों का विरोध शुरू कर दिया। मां को संघर्ष करता देख उसके दोनों बच्चे भी उसके साथ खड़े हो गए।

मामला इस्माइलाबाद क्षेत्र का है। गांव चम्मू कलां निवासी बेअंत कौर अपने बेटे और बेटी के साथ बस से घर लौट रही थीं। गंगहेड़ी गांव के बस अड्डे के पास उतरने के बाद तीनों पैदल घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान 152-डी एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट के नजदीक पुल के दूसरी ओर बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

महिला के मुताबिक, एक बदमाश ने हथियार निकालकर उसके सिर पर तान दिया। इसी बीच दूसरे आरोपी ने उसके कान से सोने की बाली खींच ली। इसके बाद बदमाशों ने दूसरी बाली भी उतारने का प्रयास किया, लेकिन इस बार महिला ने उनका हाथ पकड़कर विरोध शुरू कर दिया। छीना-झपटी के दौरान उसके कान में चोट लग गई और खून निकलने लगा, मगर उसने दूसरी बाली नहीं जाने दी।

इस संघर्ष के बीच महिला के दोनों बच्चे भी पीछे नहीं हटे। आरोप है कि बदमाशों ने बच्चों को डराने के लिए महिला के बेटे पर भी रिवाल्वर तान दी। इसके बावजूद मां और उसके दोनों बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास लोगों के पहुंचने की आशंका बढ़ती देख बदमाशों ने लूट का प्रयास छोड़ दिया और बाइक से इस्माइलाबाद की दिशा में भाग निकले।

वारदात के बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के चेहरे भले ही नकाब से ढके थे, लेकिन सामने आने पर वह उन्हें पहचान सकती है। पुलिस ने उसकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

थाना इस्माइलाबाद पुलिस के साथ सीआईए (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की टीम भी जांच में जुटी है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए हाईवे और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस बदमाशों के आने और वारदात के बाद फरार होने वाले संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m