आशुतोष द्विवेदी, रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। गुलाब नगर में एक व्यक्ति ने अपने ही घर के भीतर सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

मंगलवार को समान थाना क्षेत्र के गुलाब नगर निवासी विपिन मिश्रा ने अपने ही घर में सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें विपिन मिश्रा गंभीर हालत में मिले। सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है। मौके से पुलिस ने एक गन और मृतक का सुसाइड नोट भी बरामद कर जब्त किया है। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने आएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m