आशुतोष द्विवेदी, रीवा। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित सिरमौर क्षेत्र में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर विरोध की भयानक ज्वाला भड़क उठी है। सिरमौर क्षेत्र के ग्राम रोझौही और सरई कला में प्रस्तावित टाटा पावर के इस न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए जब एमएस फुग्रो कंपनी की बोरिंग मशीनें भूमि परीक्षण करने पहुंचीं, तो ग्रामीणों के भारी आक्रोश के चलते उन्हें काम रोककर उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा।

ये भी पढ़ें: पांढुर्णा के किसानों की बदलेगी किस्मत! समीक्षा बैठक के बाद CM का बड़ा फैसला, जानिए क्या है सरकार की रणनीति?

मशीनों को देखते ही भड़के ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, कंपनी के कर्मचारी परियोजना की प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत मिट्टी परीक्षण और बोरहोल करने पहुंचे थे। क्षेत्र में कुल 8 बोरहोल किए जाने थे, जिनमें से 4 बोरहोल करीब 100 मीटर और 4 बोरहोल 50 मीटर गहराई के प्रस्तावित थे। लेकिन जैसे ही मशीनें सरई कला पंचायत क्षेत्र में दाखिल हुईं, स्थानीय ग्रामीण लामबंद हो गए और काम पूरी तरह ठप करवा दिया। ग्रामीणों का साफ कहना है कि रोझौही समेत आसपास के करीब 100 गांवों की जनता इस परियोजना के खिलाफ पूरी तरह एकजुट है।

बिना इजाजत कैसे पहुंचीं मशीनें?

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का आरोप है कि कलेक्टर के पत्र क्रमांक 117 के संबंध में ग्राम सभा द्वारा पहले ही असहमति का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है, जिसकी लिखित सूचना सरपंच और सचिव द्वारा शासन-प्रशासन को दी गई थी। इसके बावजूद बिना ग्राम पंचायत की अनुमति और सहमति के कंपनी की मशीनें गांव में कैसे दाखिल हुईं?

ये भी पढ़ें: वायरल नारा ‘एक कचौड़ी, दो समोसा…’ पर सियासतः शिवराज ने नारे को बताया समाज के लिए खतरनाक, कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने, भोपाल के आंदोलन से जुड़ा है मामला

तनावपूर्ण माहौल के बीच वापस लौटीं मशीनें

ग्रामीणों के तीव्र विरोध और मौके पर बनते तनावपूर्ण माहौल को भांपते हुए कंपनी की दोनों बोरिंग मशीनों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के पर्यावरण और जनजीवन को बचाने के लिए यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बने गतिरोध पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m