रेवाड़ी। जिले के बोड़िया कमालपुर गांव के बड़े शिव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रम के दौरान आधी रात फायरिंग से दहशत फैल गई। दही-हांडी तोड़ने को लेकर गांव के युवकों और पड़ोसी गांव के युवकों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान चार राउंड हवाई फायरिंग की गई। गोलियों की आवाज सुनते ही कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शनिवार को मंदिर में होने वाले भंडारे को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
लाइट बंद होते ही चलीं गोलियां
जानकारी के अनुसार, बड़े शिव मंदिर में जन्माष्टमी के मौके पर जागरण चल रहा था। आधी रात को दही-हांडी तोड़ने की तैयारी हुई। जैसे ही मटकी तोड़ने के लिए लाइट बंद की गई और गांव के युवक ऊपर चढ़ने लगे, उसी दौरान फायरिंग हो गई।
बताया गया कि गांव के प्रमोद ने मांढिया गांव के संजीत, चीकू और सोले के साथ मटकी तोड़ने को लेकर फायरिंग की। अचानक गोलियों की आवाज से कार्यक्रम में मौजूद लोग घबरा गए और वहां भगदड़ मच गई।
मटकी को निशाना बनाकर फायरिंग का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस रात में ही मंदिर पहुंची। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि मटकी तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पक्ष खुद मटकी तोड़ना चाहता था। आरोप है कि इसके लिए अंधेरे में मटकी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। ग्रामीणों ने चार राउंड हवाई फायरिंग की बात कही है।
पुलिस ने केस दर्ज किया
गांव की सरपंच नेहा ने बताया कि रात में मंदिर में भंडारे के दौरान गोलियां चलने की सूचना मिली थी। सुबह पता चला कि गांव के एक युवक ने दूसरे गांव के साथियों के साथ मिलकर मटकी तोड़ने के लिए फायरिंग की थी।
मंदिर कमेटी के सदस्य अभय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दी गई थी। उन्होंने मामले में इससे ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया।
सदर थाना एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि दही-हांडी तोड़ने के विवाद में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों ने चार राउंड हवाई फायरिंग की बात कही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों मंदिरों में रखे गए थे कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार, हर साल की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गांव के दोनों मंदिरों में कार्यक्रम रखे गए थे। रेवााड़ी में रह रही गांव की एक महिला की मौत के बाद छोटे मंदिर में होने वाला कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था।
वहीं बड़े मंदिर के आयोजकों में से कुछ लोगों ने कार्यक्रम रद्द करने से मना कर दिया। इसके बाद बड़े मंदिर में जन्माष्टमी का कार्यक्रम हुआ।
गांव में रात को हुई फायरिंग की घटना को बढ़ती गुटबाजी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच में घटना की पूरी वजह सामने आना बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



