करनाल। जिले के कुंजपुरा थाना क्षेत्र की एक युवती ने शामली निवासी युवक विशु पर शादी का झांसा देकर कई बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने और निजी फोटो-वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। उसने गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69, 351(3) और 115 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पर हुई थी पहली मुलाकात
युवती ने पुलिस अधीक्षक करनाल को दी शिकायत में बताया कि वह करनाल की एक कॉलोनी में रहती है और कुंजपुरा के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। करीब एक साल पहले विशु उसके घर आया था। वहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी।
शिकायत के मुताबिक, युवक ने युवती से शादी करने की बात कही। युवती के अनुसार उसने कई बार उसे समझाया, लेकिन वह लगातार उस पर मिलने के लिए दबाव बनाता रहा। आरोप है कि 5 मार्च को युवक ने उससे कहा कि अगर वह उससे नहीं मिली तो वह आत्महत्या कर लेगा।
इसके बाद 7 मार्च की सुबह करीब 10 बजे युवती उससे मिली। आरोप है कि युवक उसे मोटरसाइकिल से पुराने बस स्टैंड करनाल के सामने स्थित एक होटल में ले गया। वहां शादी का वादा करके उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भी बनाए।
वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
युवती के मुताबिक, घटना के बाद भी आरोपी उससे शादी करने का भरोसा देता रहा। वह आरोपी से अपने माता-पिता से शादी की बात करने के लिए कहती रही, लेकिन वह टालता रहा।
शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने दोबारा मिलने के लिए दबाव बनाया। उसने धमकी दी कि अगर युवती नहीं आई तो 7 मार्च की वीडियो उसके परिवार को भेज देगा। आरोपी ने यह भी कहा कि वह अपने घर पर शादी की बात कर चुका है और जल्द ही परिवार वाले रिश्ता लेकर आएंगे।
25 अप्रैल और 30 जून को भी होटल ले जाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 25 अप्रैल को भी युवती को उसी होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां शादी का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक फोटो खींचे।
युवती ने बताया कि आरोपी फोन पर उससे प्यार-मोहब्बत की बातें करता था और शादी का भरोसा देता था। इसके बाद 30 जून को भी वह उसे उसी होटल ले गया। आरोप है कि वहां भी उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए गए।
युवती के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी ने अपने परिवार में शादी की बात नहीं की। वह कहता रहा कि अगर उसके माता-पिता नहीं माने तो दोनों भागकर शादी कर लेंगे।
29 अगस्त की घटना में नशीला पदार्थ देने का आरोप
शिकायत में युवती ने 29 अगस्त की घटना का भी जिक्र किया है। उसके अनुसार, रात करीब 10 बजे आरोपी उसे कुंजपुरा बस स्टैंड से मोटरसाइकिल पर बैठाकर उसी होटल ले गया। आरोपी के पास पहले से कोल्ड ड्रिंक की बोतल थी।
युवती का आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाया गया था। उसने रास्ते में मोटरसाइकिल पर बैठे हुए उसे पी लिया। होटल पहुंचने तक उसे नशा महसूस होने लगा।
आरोप है कि होटल में युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद गाली-गलौच और मारपीट की। युवती के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
शिकायत में आरोप है कि युवक ने पहले बनाए गए फोटो और वीडियो मोबाइल में दिखाए और धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया या शिकायत की तो वह उन्हें वायरल कर देगा।
परिवार को बताई पूरी बात
युवती ने बताया कि आरोपी की धमकियों से वह परेशान थी। उसने बाद में अपने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार ने कुंजपुरा थाने में शिकायत दी।
युवती का आरोप है कि उस शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उसने यह भी कहा कि उसके न्यायाधीश के सामने बयान नहीं करवाए गए और मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई। युवती ने पुलिस को बताया कि वह मेडिकल कराने के लिए तैयार है।
उसके मुताबिक, डर की वजह से उसने शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि युवक पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दे चुका था।
आरोपी के पिता के बुलाने पर परिवार पहुंचा था घर
शिकायत के अनुसार, मामला सामने आने के बाद आरोपी के पिता ने युवती के परिवार को अपने घर बुलाया। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो युवती का आरोप है कि आरोपी और उसके मामा प्रमोद ने उसकी दोनों बड़ी बहनों, भाई और जीजा के साथ गाली-गलौच और मारपीट की।
युवती ने बताया कि परिवार के लोग किसी तरह वहां से घर लौटे। इसके बाद आरोपी ने उसकी बड़ी बहन को फोन किया। शिकायत में आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा कि उस दिन परिवार के लोग बचकर चले गए, वरना उनकी अर्थी जाती।
युवती के अनुसार, आरोपी ने परिवार को मानहानि का मुकदमा करने और एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगवाने की भी धमकी दी।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
युवती ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। उसने शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने, धोखा देने, निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, ब्लैकमेलिंग, गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए हैं।
उसने अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की भी मांग की है।
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, मानसिक रूप से परेशान करने और धमकी देने के आरोपों में बीएनएस की धारा 69, 351(3) और 115 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



