रेवाड़ी जिले के गांव जडथल की नन्ही बेटी वाणी तंवर ने जिम्नास्टिक में अद्भुत हुनर दिखाते हुए विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

धनेश विद्यार्थी,रेवाड़ी। जिले के तहत उपमंडल बावल के गांव जडथल में जन्मी नन्ही बेटी वाणी तंवर ने जिम्नास्टिक में एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। मात्र 1 साल 10 माह 18 दिन की इस नन्ही सी उम्र में वाणी ने अपने पैरों में 500 ग्राम वजन बांधकर ऊपर लटकने का बेहतरीन कारनामा कर दिखाया है। इस अद्भुत प्रदर्शन के बदौलत इस होनहार बेटी ने इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाकर वैश्विक स्तर पर एक नया कीर्तिमान हासिल किया है। इस बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि की वजह से गांव जड्थल सहित पूरे बावल 84 के राजपूत समाज और जिले के परिवारों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल बना हुआ है।

ऑनलाइन प्रतियोगिता में जीता खिताब

नन्ही वाणी के पिता जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के लिए गत 24 मार्च 2026 को जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के तहत ऑनलाइन पंजीकरण करवाया था। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए वाणी ने ऊपर लटककर अपने दोनों पैरों से 500 ग्राम का भार उठाने का एक वीडियो बनाकर अपलोड किया था। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने पूरे विश्व स्तर पर लगातार 45 दिनों तक गहनता से छानबीन करने के बाद इस रिकॉर्ड को अपनी मंजूरी दी। इसके बाद गत दिनों घर पर इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का आधिकारिक प्रमाण पत्र मिलने से पूरे परिवार और क्षेत्रवासियों में जश्न का माहौल बन गया।

बावल विधायक ने किया सम्मानित

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में जिला रेवाड़ी राजपूत सभा बावल और धारूहेड़ा में रेवाड़ी महासभा द्वारा गत 4 जुलाई को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने नन्ही बेटी वाणी के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने बावल राजपूत सभा के प्रधान प्रताप सिंह चौहान और रेवाड़ी राजपूत जिला प्रधान महेंद्र सिंह डालू सिंह खेड़ी के साथ बेटी के पिता जितेंद्र कुमार, माता आरती देवी, दादा सूबेदार राजेंद्र सिंह और दादी सुमन लता को इस शानदार सफलता की बधाई दी। इस दौरान समाज के गणमान्य लोगों ने बेटी को आगे बढ़ने में हरसंभव मदद देने की घोषणा की।