हरियाणा के रेवाड़ी जिला जेल में बंद साइबर ठगी के आरोपी हवालाती राहुल राजेंद्र कदम की सोमवार सुबह सीने में दर्द के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रेवाड़ी। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला जेल में बंद एक हवालाती की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक को साइबर ठगी के आरोप में 24 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के रहने वाले 40 वर्षीय राहुल राजेंद्र कदम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जेल में बंद राहुल राजेंद्र कदम के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। उसकी तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि राहुल को साइबर ठगी के आरोप में 24 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। अगले दिन उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद उसे रेवाड़ी जिला जेल में बंद किया गया था।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।