धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। रेवाड़ी नगर परिषद के कर्मचारियों की गुरुवार को स्थानीय सुभाष पार्क में आम सभा आयोजित हुई। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा इकाई की ओर से आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान ईश्वर सिंह बोडवाल ने की। बैठक में राज्य उपप्रधान बसंत कुमार, सर्व कर्मचारी संघ की जिला सचिव सुमित्रा, सदस्य पूनम देवी, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष आरडी शर्मा और राजेंद्र कुमार सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे। सभा का संचालन उपप्रधान बसंत कुमार ने किया।

सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
बैठक में कर्मचारी नेताओं ने हरियाणा सरकार पर 13 मई 2026 के समझौते को लागू नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है। इसी के विरोध में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर रेवाड़ी नगर परिषद के कर्मचारी 6, 7 और 8 अगस्त को तीन दिवसीय हड़ताल में शामिल होंगे।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि 8 अगस्त तक सरकार 13 मई 2026 के समझौते के अनुसार सभी मांगों पर सहमति पत्र जारी नहीं करती है, तो प्रदेशभर में तीन दिवसीय हड़ताल होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई, तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है।
नई इकाई कमेटी का सर्वसम्मति से गठन
बैठक के दौरान नगर परिषद कर्मचारी संघ की नई इकाई कमेटी का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया। जिला प्रधान ईश्वर सिंह बोडवाल की अध्यक्षता में हुए चुनाव में शिवा को प्रधान, घनश्याम को वरिष्ठ उपप्रधान, अनीता देवी को उपप्रधान, प्यारेलाल को सचिव, रमेश कुमार को कोषाध्यक्ष, सागर को प्रेस सचिव और मीनू को संगठन सचिव चुना गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


