रेवाड़ी। हरियाणा में अब मनचलों पर पुलिस की नजर और कड़ी होगी। रेवाड़ी शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पांच पिंक राइडर्स तैनात की गई हैं। ये टीम खास तौर पर उन जगहों पर नजर रखेगी, जहां महिलाओं और युवतियों की आवाजाही ज्यादा रहती है।

वीरवार को लघु सचिवालय परिसर से सहायक पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल ने पांचों स्कूटी राइडर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पुलिस के अनुसार, पिंक राइडर्स शहर के बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास गश्त करेंगी। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे स्थान भी उनकी निगरानी में रहेंगे। संकरी गलियों तक पहुंचने में स्कूटी इनके लिए मददगार होगी।

इन राइडर्स को बॉडी कैमरा और आधुनिक संचार उपकरण दिए गए हैं। किसी महिला या छात्रा से छेड़छाड़, छींटाकशी या अभद्रता की शिकायत मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी।

एएसपी दीपिका अग्रवाल ने कहा कि पिंक राइडर्स स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगी। दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स के साथ भी इनका समन्वय रहेगा।

पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आने वाले समय में पिंक राइडर्स की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है।

कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी पीएसआई सरिता, शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह और मॉडल टाउन थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं असुरक्षित महसूस हो तो बिना झिझक डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही सहायता के लिए टीम को मौके पर भेजा जाएगा।