हरियाणा के रेवाड़ी में सर्कुलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के पास बिजली का खंभा लगाने के दौरान पीएनजी की पाइपलाइन कट जाने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों और पीएनजी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गैस आपूर्ति बंद कराई और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया।
रेवाड़ी। शहर में सर्कुलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के समीप सोमवार को बड़ा हादसा होने से बच गया। अस्पताल के बाहर बिजली का पोल खड़ा करने के लिए मशीन से की जा रही खुदाई के दौरान पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की लाइन अचानक कट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव होने लगा, जिससे अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
गैस रिसाव होते ही बिजली विभाग के कर्मचारी काम अधूरा छोड़कर मौके से खिसक गए। देखते ही देखते इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मरीजों और दुकानदारों में मची भगदड़
अस्पताल का गैस कनेक्शन चालू होने के कारण तेजी से रिसाव शुरू हुआ। अचानक लाइट कटने और लीकेज की आवाज से घबराकर भर्ती मरीजों तीमारदार अपने-अपने मरीजों को उठाकर बाहर की तरफ भागने लगे। अस्पताल के पास स्थित दुकानों के संचालक भी अनहोनी की आशंका में दुकानें बंद कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
इलाज करा रहे एक मरीज के परिजन ने आरोप लगाया कि लीकेज और अंधेरा छाने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई सहायता नहीं प्रदान की गई और संचालक खुद मौके से चले गए।
पुलिस और पीएनजी टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी संजीव बल्हारा, डीएसपी पवन कुमार और सिटी थाना प्रभारी (एसएचओ) सूबे सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही पीएनजी कंपनी के तकनीकी कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया।
कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल से जुड़ी मुख्य गैस सप्लाई बंद कर दी, तब जाकर रिसाव पर काबू पाया जा सका। फिलहाल तकनीकी टीम कटी हुई पाइपलाइन को जोड़ने और आपूर्ति को दोबारा सुचारू करने के काम में जुटी हुई है।


