रेवाड़ी के बावल उपमंडल में सरकारी स्कूल के चौकीदार पर चोरी की नीयत से घुसे युवक ने जानलेवा हमला किया है। घटना के एक सप्ताह बाद भी पीड़ित न्याय के लिए भटक रहा है।
धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। जिले के तहत उपमंडल बावल के गांव नांगल तेजू से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान इसी गांव का एक युवक चोरी की नीयत से घुस गया। विद्यालय में सुरक्षा के लिए तैनात अनुसूचित जाति वर्ग के चौकीदार राजपाल ने जब इस बात का विरोध किया, तो आरोपी युवक मनोज उर्फ वीसीआर ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपी ने चौकीदार की पत्नी को भी जातिसूचक अपशब्द कहे और मौके से फरार हो गया। इस गंभीर वारदात के बाद घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
चोरी रोकने पर जानलेवा हमला
इस घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित चौकीदार राजपाल की धर्मपत्नी शीला देवी ने बताया कि शिक्षा विभाग ने उनके पति को विद्यालय की देखरेख के लिए रखा हुआ है और रहने के लिए परिसर में ही एक कमरा दिया है। गत 30 जून को दोपहर करीब 2 बजे गांव का ही युवक मनोज उर्फ वीसीआर चोरी करने के इरादे से स्कूल के टूटे कमरे में लगे बिजली के पंखे निकालने के लिए घुसा था। जब उनके पति ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर ईंट, पत्थर और तेज धार वाले चाकू नुमा हथियार से छाती पर हमला कर दिया।
आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल चौकीदार राजपाल वहीं गिर गया, जिसके बाद पीड़ित पत्नी ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकला। इसके बाद घायल को बावल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के कारण डॉक्टरों ने उसे रेवाड़ी रेफर कर दिया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 2 जुलाई को बावल थाने में लिखित शिकायत दी गई। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी इंद्रजीत ने स्कूल मुखिया से बात कर जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिया है, जबकि जांच अधिकारी फूल सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में ग्राम पंचायत के समक्ष लिखित सहमति बनाई गई है।

