रेवाड़ी। लक्ष्मी नगर में पेयजल संकट से परेशान लोगों ने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे रेवाड़ी-नारनौल रोड पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। कॉलोनीवासी जनस्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

दो साल से पेयजल की समस्या

मोहल्लावासियों का आरोप है कि लक्ष्मी नगर में पिछले दो साल से पेयजल की समस्या बनी हुई है। लोगों के मुताबिक, इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत की गई। लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों को सड़क पर उतरकर जाम लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मोहल्लावासियों ने बताया कि पेयजल लाइन करीब दो साल से खराब पड़ी है। लाइन से पानी का रिसाव होने के कारण घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता। वहीं, जिन घरों तक पानी पहुंचता है, वहां गंदा पानी आने की शिकायत है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डीसी के सामने भी रख चुके हैं समस्या

कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ डीसी के सामने भी रखी है। इसके बावजूद जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m