वीरेंद्र कुमार/​नालंदा। जिले के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत चेरन गांव में शुक्रवार को एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान केशोपुर गांव निवासी रिंकी देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग 15 महीने पूर्व सोनेलाल के साथ हुई थी। घटना के बाद से ही ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं।

​अवैध संबंध का था विवाद

​मृतका के दादा जयकांत राम और बहनोई वीरेंद्र कुमार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि रिंकी का पति सोनेलाल अपनी भाभी के साथ अवैध संबंधों में लिप्त था। रिंकी ने जब इस रिश्ते का विरोध किया, तो उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि आए दिन होने वाली मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के कारण रिंकी का जीवन नर्क बन गया था।

​गला घोंटकर हत्या का आरोप

​परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात लगभग 12 बजे ससुराल वालों ने फोन कर सूचना दी कि रिंकी ने जहर खा लिया है। आनन-फानन में मायके वाले जब चेरन गांव पहुंचे, तो रिंकी का शव पड़ा था। परिजनों ने रिंकी के गले पर निशान और शरीर पर चोट के गहरे जख्म देखे। उन्होंने आरोप लगाया कि पति, ननद, भैंसुर और भैंसुर की पत्नी ने पहले रिंकी की बेरहमी से पिटाई की, उसका गला दबाया और फिर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे जबरन जहर पिला दिया।

​पुलिस और एफएसएल की कार्रवाई

​सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
​थानाध्यक्ष ने बताया कि यह प्रथम दृष्टया संदिग्ध मौत का मामला है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मायके वालों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।