कुंदन कुमार/पटना। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पटना के वीर कुंवर सिंह पार्क में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बीजेपी विधायक संजीव चौरसिया ने मुख्य रूप से भाग लिया। दोनों नेताओं ने पार्क परिसर में पौधे लगाए और आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
एक पेड़ मां के नाम का संदेश
कार्यक्रम के दौरान संजय सरावगी और संजीव चौरसिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए जनता से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र स्थायी समाधान है। उन्होंने केवल पौधे लगाने पर जोर नहीं दिया, बल्कि नागरिकों से यह आग्रह भी किया कि वे लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल का जिम्मा भी उठाएं, ताकि वे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण को शुद्ध बना सकें।
सुरक्षा कटौती पर बोले सरावगी
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती के मुद्दे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी। सरावगी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था नियमों के अनुसार तय की जाती है और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि, सुरक्षा मानकों के अनुरूप जो व्यवस्था जरूरी है, वह उपलब्ध कराई गई है। अब यदि वे यह उम्मीद करें कि दर्जनों सरकारी गाड़ियों और गार्डों के साथ दिखावा करें, तो यह कतई संभव नहीं है।
आवास विवाद पर विपक्ष को नसीहत
विपक्ष के नेताओं द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को सरकारी आवास आवंटित करने के आरोपों पर भी संजय सरावगी ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को तथ्यों की जानकारी का घोर अभाव है, जिसके चलते वे निराधार बयानबाजी कर रहे हैं। सरावगी ने स्पष्ट किया कि जिस आवास को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है, वह असल में किसान आयोग के अध्यक्ष के नाम से अलॉट है। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि कोई भी बयान देने से पहले उन्हें जमीनी हकीकत और सरकारी नियमों की पूरी जानकारी लेनी चाहिए। जानकारी के अभाव में अनर्गल प्रलाप करना विपक्ष की अपरिपक्वता को दर्शाता है।

