रांची। RINPAS के निदेशक पद पर नियुक्ति को लेकर झारखंड में सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर स्वास्थ्य विभाग की नियुक्ति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने 26 अगस्त 2026 को जारी निदेशक पद के विज्ञापन को रद्द करने की मांग की है। मरांडी का आरोप है कि विज्ञापन में जरूरी शैक्षणिक योग्यता का उल्लेख नहीं किया गया है, जबकि चिकित्सा संस्थान के शीर्ष पद पर नियुक्ति के लिए NMC के निर्धारित मानकों का पालन जरूरी है।

विज्ञापन में पात्रता ही स्पष्ट नहीं, मरांडी ने जताई आपत्ति

बाबूलाल मरांडी के मुताबिक, RINPAS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के निदेशक पद के लिए जारी विज्ञापन में उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता और पात्रता स्पष्ट रूप से बताई जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि नियुक्ति के विज्ञापन में योग्यता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी नहीं होना पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है।

NMC के मानकों का हवाला देकर उठाया बड़ा सवाल

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मरांडी ने National Medical Commission (NMC) के नियमों का हवाला दिया है। उन्होंने NMC के अधिसूचित गजट के पैरा-5 का उल्लेख करते हुए दावा किया है कि चिकित्सा संस्थानों में निदेशक, डीन और अधीक्षक जैसे पदों के लिए निर्धारित मेडिकल योग्यता और पात्रता का पालन किया जाना चाहिए।

Non-Medical Faculty को पात्र बनाने पर भी आपत्ति

मरांडी ने 14 अक्टूबर 2024 को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी RINPAS निदेशक नियुक्ति नियमावली पर भी सवाल उठाया है। उनका आरोप है कि इस नियमावली में Non-Medical Faculty को भी निदेशक पद के लिए पात्रता दी गई है। उन्होंने इसे NMC के मानकों के विपरीत बताते हुए नियमावली को रद्द करने की मांग की है।

वर्षों से प्रभारी के भरोसे RINPAS

नेता प्रतिपक्ष ने RINPAS के लंबे समय से प्रभारी निदेशक के माध्यम से संचालित होने का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि स्थायी निदेशक नहीं होने से संस्थान के प्रशासनिक कामकाज पर असर पड़ता है। खासकर वित्तीय मामलों में महत्वपूर्ण फैसले लेने में दिक्कत आने की बात उन्होंने पत्र में कही है।

बोले- चिकित्सा संवर्ग से हो योग्य निदेशक की नियुक्ति

बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पहले 26 अगस्त का विज्ञापन रद्द किया जाए, फिर 14 अक्टूबर 2024 की नियमावली की समीक्षा कर उसे निरस्त किया जाए। इसके बाद NMC के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नए सिरे से विज्ञापन जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए।

उन्होंने RINPAS के निदेशक पद पर चिकित्सा संवर्ग से योग्य, सक्षम, ईमानदार और प्रशासनिक अनुभव रखने वाले अधिकारी की नियुक्ति की मांग की है। उनका कहना है कि इससे संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।