लोहरदगा। लगातार बारिश के बीच लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र में नदी का तेज बहाव एक युवक की जान ले गया। मेतगढ़ा गांव में मंगलवार को चैकडेम पार करने के दौरान नदी में बहे बितेश्वर लोहरा का शव बुधवार को करीब 500 मीटर दूर दूसरे चैकडेम के पास बरामद किया गया।

जानकारी के मुताबिक मेतगढ़ा निवासी बीतू लोहरा का बेटा बितेश्वर मंगलवार को खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान नदी में बने चैकडेम को पार करते वक्त उसका पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। नदी की तेज धार उसे अपने साथ बहाकर ले गई।हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल नदी और आसपास के इलाके में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।

पेड़ की जड़ में फंसा मिला शव

बुधवार सुबह सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

काफी तलाश के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर नीचे दूसरे चैकडेम के पास सिंबर के पेड़ की जड़ में शव फंसा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

NDRF को बुलाने की थी तैयारी

नदी के तेज बहाव और बढ़े जलस्तर को देखते हुए पुलिस ने NDRF की मदद लेने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि NDRF टीम के लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया था।

हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही युवक का शव बरामद हो गया। इसके बाद NDRF टीम को लोहरदगा आने से रोक दिया गया।घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। मौके पर जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की समेत पुलिस बल और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।