कुंदन कुमार, पटना। भागलपुर से उत्तर बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु कल रविवार देर रात क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। आधी रात 12:30 बजे आसपास विक्रमशिला पुल के पाया नंबर 133 का एक स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया। हालांकि गनीमत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल की कोई क्षति नहीं पहुंची। पुल के क्षतिग्रस्त होने के लेकर राजद की प्रतिक्रिया सामने आई है।

पूरे बिहार में भ्रष्टाचार का साम्राज्य- राजद

राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि, पूरे बिहार में भ्रष्टाचार का साम्राज्य है। लेकिन सरकार भ्रष्टाचारियों पर कारवाई नहीं करती है। राजद ने सवाल उठाया कि, जब पुल क्षतिग्रस्त था तो फिर उस पर वाहन क्यों चल रहा था? किसकी गलती थी? इस पर सरकार का ध्यान क्यों नहीं जाता है?

राजद प्रवक्ता ने कहा कि, सरकार सिर्फ और सिर्फ कुछ से कुछ बोलकर निर्माण कंपनी को बचाने की काम करती है। क्योंकि भ्रष्टचार में बड़े अधिकारियों का हाथ है। उन्होंने कहा कि, बिहार में बहुत सारे पुल गिरे लेकिन आज तक किसी बड़े अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? हम सरकार से मांग करते हैं कि विक्रमशिला पुल के ध्वस्त होने के मामले की निष्पक्ष जांच करे और दोषियों पर फौरन कार्रवाई करे।

पुलिस ने पुल को किया सील

मिली जानकारी के अनुसार पहले विक्रमशिला पुल के पाया नंबर 133 पोल के पास धंसाव हुआ, जिसकी जानकारी मिलने के तुरंत बाद गाड़ियों के आवागमन को बंद कर दिया गया। इसके कुछ देर बाद ही पुल का वह हिस्सा (133-134 के बीच का) स्लैब टूटकर नदी में गिर गया। ट्रैफिक थाना अध्यक्ष और अन्य पुलिस प्रशासन की ओर से दिखाई गई सतर्कता से कोई हानि नहीं पहुंची। पुलिस ने पुल को सील करते हुए दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतारों को वहां से वापस हटा लिया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

एक तरफ जहां प्रशासन समय पर पहुंचकर बड़ी घटना घटित होने से पहले उसे रोकने का दावा कर रही है। वहीं, स्थानीय लोग इस घटना के लिए प्रशासन को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। स्थानीय एक युवक ने बताया कि पुल को जो हिस्सा गिरा है, मार्च में ही उसके धंसने की सूचना मिली थी। लेकिन उस दौरान स्थानीय प्रशासन और जिलाधिकारी द्वारा यह कहा गया कि सबकुछ ठीक है। अगर उस समय प्रशासन एक्टिव हुआ होता तो आज यह घटना नहीं घटती।

ये भी पढ़ें- बिहार में मौत का तांडव: बेकाबू ट्रक ने 5 लोगों को रौंदा, सभी की मौत, तिलक से लौटते समय हादसा