Bihar News: पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर राजद ने केंद्र सरकार पर बड़ा निशाना साधा है। राजद ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- ईरान और रूस, भारत को सस्ता कच्चा तेल देने के लिए तैयार है, लेकिन ट्रम्प और अमेरिका के डर से मोदी लेना ही नहीं चाहते।
राजद ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा- अमेरिका जो कहता है मोदी को वही करना है। अन्यथा एपस्टीन फाइल्स तैयार है। भारत इतना कमजोर कभी नहीं था। रूस और ईरान से हमारा बहुत पुराना संबंध रहा लेकिन मोदी ने सब बर्बाद कर दिया। मोदी की विदेश नीति एक इवेंट बन गयी है। डरे-सहमे और कंप्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री ने देश का अपूरणीय नुकसान कर दिया है और जबतक है करते रहेंगे।
पटना में 113 रुपए लीटर हुआ पेट्रोल
गौरतलब है कि कल सोमवार (25 मई) को तेल कंपनियों ने एक बार फिर से पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। सबसे बड़ी बात यह है कि पिछले 10 दिनों के अंदर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ये चौथी बार बढ़ोतरी हुई है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के बाद पटना में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 113 रुपये 37 पैसे प्रति लीटर तक पहुंच गई, जबकि डीजल 99 रुपये 36 पैसे प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं प्रीमियम फ्यूल XP95 की कीमत 122 रुपये 25 पैसे प्रति लीटर हो गई है।
मजबूरी में बढ़ाना पड़ा दाम- डिप्टी सीएम
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर राज्य के डिप्टी CM विजय चौधरी का अजीबो-गरीब बयान भी सामने आया है। अपने बयान में डिप्टी सीएम ने कहा कि, वैश्विक संकट की वजह से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार नियंत्रित तरीके से कीमतें बढ़ा रही है, जिससे लोगों को कम परेशानी हो। इसका ध्यान रखा जा रहा है। अपने देश की खासियत यही है जितना बड़ा संकट है और जितना कीमत बढ़ना चाहिए ये सरकार की सफलता है कि कीमत को नियंत्रित करके बहुत कम बढ़ाई है
डिप्टी सीएम ने कहा कि, दुनिया भर में संकट गहराया हुआ है। दाम बढ़ाना मजबूरी है। वहीं, ट्रंप द्वारा PM मोदी की तारीफ करने पर विजय चौधरी ने कहा कि, प्रधानमंत्री की तारीफ मतलब पूरे देश की तारीफ।
आ गए न अच्छे दिन- पप्पू यादव
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सांसद ने सोशल मीडिया एक्स लिखा- लगभग तीन रुपये डीजल पेट्रोल का दाम फिर बढ़ाया, बंगाल चुनाव के बाद अबतक करीब आठ रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ा चुके हैं यह तो अभी शुरुआत है, मेलोनी को मेलोडी बांटेंगे और देश के साथ ट्रेजेडी कर जनता की जेब काटेंगे! जनता जिमखाना क्लब बंद होने पर ताली पीटेगी। पप्पू यादव ने तंज कसते हुए अंत में लिखा- आ गए न अच्छे दिन।
ये भी पढ़ें- कभी हाथ में बांधती थीं राखी, आज BJP में शामिल होते ही रितु जायसवाल ने तेजस्वी पर बोला बड़ा हमला

