कुंदन कुमार, पटना। भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में राजद उम्मीदवार सोनू राय की शानदार जीत हुई है। उन्होंने जदयू के प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को 340 वोटों से करारी मात दी। उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। उपचुनाव में सोनू राय को कुल 2,486 वोट मिले, जबकि कन्हैया प्रसाद को 2,146 वोट मिले। इस तरह उन्हें 340 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।

जदयू ने राधाचरण सेठ के बेटे को बनाया था उम्मीदवार

बता दें कि राधाचरण सेठ के विधानसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुए विधान परिषद की इस सीट पर उपचुनाव हुआ है। जदयू ने राधाचरण सेठ के बेटे कन्हैया प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया था। इस जीत पर पार्टी के प्रवक्ता चित्तरंजन गगन, प्रदेश महासचिव फैयाज आलम कमाल , संजय यादव, मदन शर्मा एवं निर्भय अम्बेडकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भोजपुर-बक्सर के सभी पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी है।

भरोसे और विश्वास की जीत- राजद प्रवक्ता

राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि, यह जीत राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के प्रति आम लोगों के भरोसा और विश्वास की जीत है। तेजस्वी यादव के राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद हुए चुनावों में राजद को जबरदस्त कामयाबी हासिल हो रही है। पिछले दिनों केरल विधानसभा चुनाव में राजद एक सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि दो सीटों पर काफी कम मतों के अंतर से हार हुई थी। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद हुए इस पहले उपचुनाव में पार्टी की कामयाबी से राजद कार्यकर्ताओं का उत्साह काफी बढ़ गया है। राजद परिवार में खुशी का माहौल है।

जहां EVM नहीं, वहां राजद की जीत- शक्ति सिंह यादव

वहीं, भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में मिली जीत पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि, हमने शुरू से ही कहा है कि चुनाव आयोग बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर के चुनावों में जो ‘मशीनरी मैनेजमेंट’ अपना रहा है, वह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है। आरा बक्सर एमएलसी उप चुनाव में हुई इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मशीनरी मैनेजमेंट लोकतंत्र के लिए खतरा है। जहां ईवीएम और मशीनरी का खेल नहीं चलता, वहां सिर्फ और सिर्फ जनता का फैसला और राजद की जीत होती है।

ये भी पढ़ें- PM मोदी की अपील का असर: ट्रेन से गयाजी के लिए रवाना हुए मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, CM ने भी घटाया काफिला