Bihar MLC Elections: बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई है। इस महागठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद MLC चुनाव में कांग्रेस और राजद के बीच सीटों को लेकर खींचतान बढ़ गया हैं। दरअसल दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद राजद ने इस सीट से कुमर राय को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसके साथ ही राजद द्वारा घोषित कुल प्रत्याशियों की संख्या अब 7 हो गई है। इनमें से चार सीटें ऐसी हैं, जहां पर राजद-कांग्रेस आमने सामने होंगे।
कांग्रेस और CPI के लिए छोड़ी गई थी 2 सीटें
दरभंगा शिक्षक सीट पर RJD के उम्मीदवार उतारने का फैसला इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि गठबंधन में शुरुआती सहमति के मुताबिक यह सीट कांग्रेस के हिस्से में थी। बिहार MLC चुनाव को लेकर राजद ने इससे पहले 6 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। गठबंधन में सीट बंटवारे के तहत दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र कांग्रेस के लिए, जबकि तिरहुत शिक्षक सीट भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के लिए छोड़े जाने की बात सामने आई थी। दरभंगा शिक्षक सीट पर फिलहाल कांग्रेस और तिरहुत शिक्षक सीट पर CPI का कब्जा है।
ऐसे में माना जा रहा था कि महागठबंधन के दल आपसी सहमति से चुनाव लड़ेंगे और जिन सीटों पर किसी सहयोगी दल का मजबूत आधार है, वहां दूसरा दल प्रत्याशी नहीं उतारेगा। लेकिन RJD की ओर से दरभंगा शिक्षक सीट पर कुमर राय के नाम की घोषणा के बाद यह समीकरण बदलता दिख रहा है। अब इस सीट पर गठबंधन के दोनों दलों के बीच मुकाबले की स्थिति बन सकती है।
कांग्रेस ने 5 सीटों पर उतारे हैं उम्मीदवार
इससे पहले कांग्रेस ने एमएलसी चुनाव के लिए 5 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी। कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा एमएलसी डॉ. मदन मोहन झा, कोसी स्नातक से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक से रजनीकांत पाठक, पटना शिक्षक से डॉ. संजय यादव और पटना स्नातक से डॉ. असदुल्लाह खान को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
राजद के उम्मीदवारों की संख्या हुई 7
वहीं, इससे पहले राजद ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए 6 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। राजद की ओर से पटना शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया गया था। वहीं, अब राजद ने अचानक से दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कुमर राय को उम्मीदवार बना दिया है।
ये भी पढ़ें- MLC चुनाव को लेकर PK का बड़ा दांव, शिक्षकों को 7वां वेतनमान और युवाओं को 10 हजार नौकरी का ऐलान

