कुंदन कुमार, पटना। राजद सुप्रीमो लालू यादव और पूर्व सीएम राबड़ी देवी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर प्रदेश की सियासत गर्म है। राबड़ी देवी द्वारा सुरक्षा कर्मियों को वापस भेजे जाने के बाद आज रविवार (7 जून) को लगातार दूसरे भी राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद , पुर्व विधायक डॉ अनवर आलम, कुमार राय , उपेंद्र चंद्रवंशी सहित राजद के नेता और कार्यकर्ता 10 सर्कुलर रोड पर उपस्थित हैं। वहीं, आवास परिसर में सुरक्षा कर्मी नदारद नजर आए। नेताओं का मानना है कि बिहार सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर अपने हिसाब से विपक्ष के नेताओं को सुरक्षा गार्ड कार्ड मुहैया करा रही है।
‘जननेता के अपमान का बदला लेगी जनता’
वहीं, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने राबड़ी देवी और लालू यादव की सुरक्षा हटाए जाने पर कहा कि, पूरे बिहार के लोग लालू प्रसाद यादव जी के परिवार की सुरक्षा में बाहर खड़े हैं। सरकार ने उनकी सुरक्षा घटा दी, देश के बड़े जन नेता को अपमानित करना उचित नहीं है। इसका बदला जनता लेगी। राबड़ी देवी और लालू यादव ने सुरक्षा वापस कर दी है। गौरतलब है कि बिहार सरकार द्वारा लालू यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा को कम किए जाने के बाद राबड़ी देवी ने कल रविवार को अपने आवास पर लगे सभी सुरक्षा कर्मियों को वापस कर दिया।
सरकार पर बदले की राजनीति का आरोप
सुरक्षा कर्मियों को वापस भेजने के बाद 10 सर्कुलर रोड पर सन्नाटा पसरा दिखाई पड़ा। हालांकि पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव आवास में कुछ देर तक बैठे नजर आए। इस बीच शाम होते-होते पार्टी के कई विधायक और पार्टी कार्यकर्ता राबड़ी आवास पहुंचे और वहां पर एकत्र होकर सरकार के फैसले का विरोध जताया। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार बदले की भावना से राजनीति कर रही है, इसका परिणाम उसे भुगतना होगा।
जनता हमें मुहैया कराएगी सुरक्षा- मनोज झा
राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि, जब सत्ताधारी पार्टी इतनी घटिया हरकत पर उतर आती है, तो जनता सुरक्षा मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि, एक व्यक्ति (लालू यादव) जो इतने सालों तक मुख्यमंत्री रहा, केंद्रीय मंत्री बना और फिर राबड़ी देवी मुख्यमंत्री बनीं, उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, सुरक्षा उन लोगों को दी गई है जिन्हें मच्छर भी नहीं काटता है। इसलिए हमने फैसला किया है कि हमें सुरक्षा नहीं चाहिए। जनता हमें सुरक्षा मुहैया कराएगी।
ये भी पढ़ें- ‘मिशन बिहार’ पर मोहन भागवत, मुंगेर के प्रशिक्षण शिविर में 3 दिन तक स्वयंसेवकों को देंगे ट्रेनिंग

