कुंदन कुमार, पटना। संघ प्रमुख मोहन भागवत आज रविवार (7 जून को) पटना पहुंचे, जहां पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई बीजेपी नेताओं ने मोहन भागवत का स्वागत किया। दरअसल मोहन भागवत तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। वो पटना से सीधे मुंगेर के लिए निकल गए, जहां तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर वर्ग में वह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

मुंगेर में तीन दिन तक प्रवास करेंगे मोहन भागवत

आपको बता दें संघ के शताब्दी दिवस के अवसर पर मुंगेर के सरस्वती विद्या निकेतन में मोहन भागवत का यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम होगा। बिहार में तीन दिन तक रहकर वो यहां के राजनीतिक स्थिति और संघ के कार्य संचालन पर अपनी नजर रखेंगे और संघ से जुड़े कार्यकताओं को विचारधारा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे। मोहन भागवत 7 जून से 9 जून तक मुंगेर प्रवास करेंगे।

तीन प्रमुख प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन

इस बार सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज परिसर में संघ के तीन प्रमुख प्रशिक्षण वर्गों को एक साथ आयोजन हो रहा है, जिसमें दक्षिण बिहार क्षेत्र का प्रथम वर्ष संघ शिक्षा वर्ग, उत्तर-पूर्व क्षेत्र का द्वितीय वर्ष संघ शिक्षा वर्ग और घोष प्रशिक्षण वर्ग शामिल हैं। इन प्रशिक्षण वर्गों में बिहार के विभिन्न जिलों से आए स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को शारीरिक अभ्यास, बौद्धिक सत्रों और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से तैयार किया जा रहा है, ताकि वे समाज और संगठन में अपनी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकें।

700 स्वयंसेवक ले रहे हैं प्रशिक्षण

संघ के सूत्रों के मुताबिक, इस समय चल रहे तीन प्रशिक्षण वर्गों में करीब 700 स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। इन शिविरों में अलग-अलग आयु वर्ग के स्वयंसेवकों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक क्षमता बढ़ाना, नेतृत्व कौशल विकसित करना और उन्हें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है।

ये भी पढ़ें- SSB का बड़ा एक्शन: भारत-नेपाल सीमा पर 1733.6 किलो गांजा बरामद, वाहन छोड़ फरार हुए तस्कर