जुबैर अंसारी, सुपौल। इंडो नेपाल बॉर्डर इलाके में SSB ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसबी ने तस्करों द्वारा नेपाल से तस्करी कर लाए गए करीब 1733.6 किलो गांजा बरामद किया है। हालांकि इस दौरान तस्कर बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन को छोड़कर मौके से भागने में सफल रहे, जिससे उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। यह मामला इंडो नेपाल बॉर्डर के सतना इलाके का बताया जा रहा है।

पुलिस को लगातार मिल रही थी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार 45वीं वाहिनी SSB वीरपुर की सीमा चौकी सतना द्वारा दत्ता टोला क्षेत्र में एक वाहन में लदी हुई गांजे की इस बड़ी खेप को जब्त किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए SSB के DIG मधुकर अमिताभ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अपुष्ट सूत्रों से SSB को सूचना मिल रही थी कि तस्कर द्वारा भारी मात्रा में गांजे की खेप को भारत में पार कराने के फिराक में हैं। जिसके बाद इसको लेकर लगातार SSB 45 वी बटालियन वीरपुर द्वारा सघन अभियान चलाया गया।

बारिश और अंधेरे का लाभ उठाकर तस्कर फरार

इसी क्रम में देर शनिवार की रात दत्ता टोला क्षेत्र में तैनात एसएसबी टीम द्वारा एक संदिग्ध नेपाली नंबर प्लेट वाहन को रोकने का प्रयास किया गय।, SSB की टीम को देखकर चालक ने तेज गति से गाड़ी चलाते हुए कार्मिकों को कुचलने का प्रयास किया। परंतु SSB जवानों ने सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को रोका, लेकिन बारिश और अंधेरे का लाभ उठाते हुए तस्कर मौके से भागने में कामयाब रहा।

47 बोरे में 1,733 किलो गांजा बरामद

जिसके बाद वाहन की तलाशी की गई तो उसमे 47 प्लास्टिक के बोरों में करीब 1733.6 किलो गांजे की बरामदगी की गई।
बताया गया कि मामले की जांच एवं फरार तस्करों की पहचान हेतु स्थानीय वीरपुर पुलिस द्वारा भी जांच शुरू कर दी गई है, और विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए नेपाल APF से भी जानकारी साझा की जा रही है।

लगातार चलता रहेगा SSB का अभियान

SSB के पूर्णियां रेंज के DIG मधुकर अमिताभ ने कहा कि बॉर्डर इलाके में सूखा नशा को लेकर भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है, समय समय पर सूखा नशा की बरामदगी भी हो रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा रही है। इस मौके पर SSB के DIG मधुकर अमिताभ के साथ वीरपुर SDPO सुरेन्द्र कुमार और SSB के कार्यवाहक कमानडेंट जगदीश कुमार शर्मा भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- बिहार में अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दरोगा समेत कई जवान घायल