Attack on Police: बिहार में बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे पुलिस पर भी हमला करने से कतरा नहीं रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से सामने आया है, जहां एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर जमकर पत्थरबाजी की, जिसमें एक दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पूरा मामला गौरीचक थाना क्षेत्र सटौली गांव का है।
आर्म्स एक्ट के आरोपी को पकड़ने पहुंची थी पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार गौरीचक थाने की पुलिस टीम आर्म्स एक्ट में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए सटौली गांव पहुंची थी। आरोपी की तलाश और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गांव में खोजबनी शुरू की। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते हालात तनापूर्ण हो गए और भीड़ ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
दरोगा समेत कई जवान घायल
ग्रामीणों द्वारा अचानक हुए इस हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस हमले में एक दरोगा समेत पुलिस के कई जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए संपतचक स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी का प्राथमिक इलाज कराया गया। डॉक्टर के अनुसार सभी घायल पुलिसकर्मी खतरे से बाहर हैं।
8 जिंदा कारतूस बरामद
हालांकि इस घटना के बावजूद पुलिस पीछे नहीं हटी और अपने अभियान को जारी रखा। तलाशी के दौरान पुलिस ने 8 जिंदा कारतूस बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया। पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिर किस उद्देश्य से वहां पर जिंदा कारतूस रखे गए थे और उनका संबंध किसी आपराधिक गतिविधियों से है या नहीं?
हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
घटना को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि, आरोपी जितेंद्र कुमार के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जिसके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है, हमजिसके बाद उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम गांव पहुंची हुई थी। हालांकि इस बीच आरोपी युवक पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं, इस दौरान सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने के मामलों में भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- ‘ताजा आम दिखाओ’ कहने पर बवाल! दुकानदार ने लोहे के बाट से फोड़ा महिला का सिर, पति की भी पिटाई

