कुंदन कुमार, पटना। मनेर से राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने जदयू को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। भाई वीरेंद्र ने यह दावा किया है कि एक से दो महीने में जदयू टूट जाएगी। राजद विधायक के इस दावे के बाद बिहार की सियासत और जदयू खेमे में सियासी हलचल तेज हो सकती है।

एक-दो महीने में टूट जाएगी जदयू- भाई वीरेंद्र

दरअसल आज शुक्रवार (11, सितंबर) को जब मीडिया ने उनसे यह सवाल पूछा कि, संजय झा कह रहे हैं कि जदयू का नाम जनता दल नीतीश कर देना चाहिए। इसपर भाई वीरेंद्र ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, हमको लगता है कि जिन लोगों का बयान आ रहा है। वो लोग पार्टी को बर्बाद कर चुके हैं। अगले एक-दो महीने में तोड़ने वाले है। इसलिए दो-चार-पांच गो बचेगा उसका नाम होगा जनता दल नीतीश होगा। इसलिए वो पहले से ही इशारा कर रहे हैं। हालांकि इस दौरान उन्होंन किसी का नाम खुलकर नहीं लिया।

‘तो भारत का नाम पीएम मोदी के नाम पर रख दो ‘

गौरतलब है कि बिहार में इन दिनों नाम बदलने की मांग को लेकर सियासत तेज हो चुकी है। बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने की मांग को लेकर भी भाई वीरेंद्र का बयान सामने आया है। उन्होंने कल गुरुवार को तंज कसते हुए कहा है कि, राज्य में पलायन और बेरोजगारी समेत अन्य और भी कई गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन यहां तो नाम बदलने की चर्चा हो रही है। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए आगे कहा कि, अगर यही बात है, तो फिर भारत का नाम बदलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रख दो। इसी तरह सब जगह का नाम बदल दो।

संजय झा ने नीतीश और जदयू को बर्बाद किया- भाई वीरेंद्र

इससे पहले 9 सितंबर को भाई वीरेंद्र ने खुलकर नाम लेते हुए जदयू सांसद संजय झा को लेकर बड़ा बयान दिया था। संजय झा से जुड़े एक सवाल पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा था कि, पहले वह (संजय झा) बता दे कि वह भारतीय जनता पार्टी के हैं की जनता दल युग के हैं। उन्होंने पार्टी और नीतीश कुमार दोनों को बर्बाद कर दिया। उनके बोलने का क्या मतलब है।

भाई वीरेंद्र ने कहा था कि, संजय झा को पहले यह बताना चाहिए कि वह भारतीय जनता पार्टी के हैं? या जुड़ चुके हैं। क्योंकि उन्होंने पार्टी (जदयू) और नीतीश कुमार दोनों को बर्बाद कर दिया। जनता उनको जान रही है। जनता उनको पहचानी नहीं है। एक वोट वह पार्टी को दिला नहीं सकते हैं। बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- IRCTC घोटाला केस: लालू परिवार पर बरसे डिप्टी CM बिजेंद्र यादव, तेजस्वी से पूछा- खजाना कहां गया?